रामनगर में दर्दनाक हादसा: कोसी नदी में नहाने गए दो दोस्तों की दर्दनाक मौत, परिवारों में मचा कोहराम

ख़बर शेयर करें 👉

रामनगर। नैनीताल जिले के रामनगर में रविवार को एक दर्दनाक हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। कोसी नदी में नहाने गए दो युवकों की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि मृतकों के परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार रामनगर के ग्राम हिम्मतपुर ब्लॉक निवासी अंकित पुत्र प्रेम सिंह और मयंक पुत्र भारत सिंह अपने दो दोस्तों आशीष और रणजीत के साथ ट्रांसपोर्ट नगर के पास कोसी नदी में घूमने और नहाने गए थे। चारों युवक नदी में नहा रहे थे, तभी अंकित और मयंक अचानक तेज बहाव के साथ गहरे पानी वाले हिस्से में पहुंच गए और डूबने लगे।

दोनों दोस्तों को डूबता देख आशीष और रणजीत ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो सके। इसके बाद तत्काल पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू किया।

काफी मशक्कत के बाद दोनों युवकों को नदी से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और बड़ी संख्या में लोग अस्पताल पहुंच गए।

बताया जा रहा है कि मृतक अंकित ने हाल ही में बीएसएफ की शारीरिक परीक्षा सफलतापूर्वक पास की थी और अपने भविष्य को लेकर बेहद उत्साहित था। वहीं मयंक कालाढुंगी स्थित आईटीआई में प्रथम वर्ष का छात्र था। दोनों युवकों की असमय मौत से गांव और क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।

पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं प्रशासन ने लोगों से बरसात के मौसम में नदी-नालों के किनारे सावधानी बरतने और गहरे पानी में जाने से बचने की अपील की है।