बिंदुखत्ता में दर्दनाक घटना: एक ही रात में चार पशुओं की मौत, गरीब पशुपालक परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
बिंदुखत्ता। छोटी दीपावली की रात बिंदुखत्ता क्षेत्र में एक हृदयविदारक घटना सामने आई, यहां संजय नगर द्वितीय निवासी पशुपालक खुशाल राम की गौशाला में चार पशुओं की रहस्यमय परिस्थितियों में मौत हो गई। इस घटना ने पूरे क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल पैदा कर दिया है।
जानकारी के मुताबिक, खुशाल राम की दो भैंसें और एक पठिया जंगल से चरकर लौटी थीं। रोज की तरह घर पहुंचने के बाद सभी पशुओं को कुट्टी खिलाई गई, लेकिन रात के समय अचानक सभी चारों पशु मृत पाए गए। सुबह जब परिवार ने गौशाला का दरवाजा खोला, तो वहां का दृश्य देखकर सबके होश उड़ गए।
खुशाल राम का कहना है कि सभी पशु पूरी तरह स्वस्थ थे, लेकिन कुट्टी खाने के कुछ समय बाद ही उनकी मौत हो गई। ग्रामीणों का संदेह है कि मामला जहरीले पदार्थ के संपर्क का हो सकता है। घटना की सूचना मिलते ही ग्राम प्रधान प्रमोद कलौनी मौके पर पहुंचे और बताया कि इसकी जानकारी नैनीताल दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा समेत अन्य जनप्रतिनिधियों को दी गई है।
ग्रामीणों ने पशु चिकित्सा विभाग से घटना की गहन जांच और मृत पशुओं की मौत के कारणों की पुष्टि की मांग की है। समाचार लिखे जाने तक चारों पशु गौशाला में ही पड़े थे और आसपास के लोग पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाने पहुंच रहे थे।
गरीब खुशाल राम का परिवार पूरी तरह दुग्ध उत्पादन पर निर्भर है। चारों पशुओं की मौत से परिवार पर आर्थिक संकट गहराने लगा है। ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से तत्काल आर्थिक सहायता देने की मांग की है। साथ ही, यह भी आग्रह किया है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए पशुपालन विभाग क्षेत्र में सघन जांच अभियान चलाए।


उत्तराखंड मौसम अपडेट: आज और कल साफ रहेगा मौसम, चारधामों में कड़ाके की ठंड, 9 फरवरी से बदलेगा मिजाज
खौड़ बालिका विद्यालय में वार्षिकोत्सव और विदाई समारोह, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजा आयोजन
आज का राशिफल (07 फरवरी 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
उत्तराखंड-नेपाल बॉर्डर पर बड़ा हादसाः बारातियों से भरी बस खाई में गिरी, 13 की मौत, 34 गंभीर घायल
उत्तराखंड: यमकेश्वर पहुंचे सीएम योगी,…धामी संग शिव मंदिर में की पूजा, इंटर कॉलेज के नवनिर्मित भवन का किया लोकार्पण