बिंदुखत्ता में कल से उत्तरायणी कौतिक की धूम: 5 दिन खेल, संस्कृति और लोकगीतों का महासंगम, स्टार नाइट बनेगी आकर्षण
लालकुआं। बिंदुखत्ता क्षेत्र में लोक संस्कृति, खेल और परंपराओं का रंग बिखेरने वाला पांच दिवसीय उत्तरायणी कौतिक एवं मेला कल 12 जनवरी से जनता इंटर कॉलेज मेला मैदान में शुरू होने जा रहा है। यह पारंपरिक मेला 16 जनवरी तक चलेगा, जिसमें खेलकूद प्रतियोगितियों से लेकर सांस्कृतिक कार्यक्रमों और स्टार नाइट तक कई आकर्षक आयोजन किए जाएंगे।
उत्तरायणी कौतिक व मेला समिति के अध्यक्ष दीप चंद्र जोशी ने बताया कि मेले का विधिवत उद्घाटन सोमवार को दोपहर 2 बजे किया जाएगा। मेले के पहले दो दिन यानी 12 और 13 जनवरी को क्षेत्रीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के बीच खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा। इनमें वॉलीबॉल, खो-खो, कबड्डी, लंबी कूद, कुर्सी दौड़, जलेबी दौड़, चम्मच दौड़ और बोरा दौड़ जैसी पारंपरिक व रोचक प्रतियोगिताएं शामिल हैं।
14 से 16 जनवरी तक मेले का सांस्कृतिक रंग और गाढ़ा होगा। इन दिनों लोकनृत्य, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ-साथ विभिन्न खेलकूद प्रतियोगितियां आयोजित की जाएंगी, जिसमें स्थानीय प्रतिभाओं को मंच मिलेगा।
मेले का सबसे बड़ा आकर्षण 16 जनवरी की स्टार नाइट होगी। इस मौके पर उत्तराखंड के प्रसिद्ध लोक कलाकार माया उपाध्याय, जितेंद्र तोमक्याल, अमित बाबू गोस्वामी, शेर सिंह दानू और चेतन पांडे अपनी प्रस्तुतियों से समां बांधेंगे। इसके साथ ही सूचना विभाग की सांस्कृतिक टीमें भी कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगी।
मेला समिति अध्यक्ष दीप चंद्र जोशी ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे बड़ी संख्या में उत्तरायणी कौतिक में पहुंचकर स्थानीय लोकसंस्कृति, लोककला और खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करें और इस पारंपरिक आयोजन को सफल बनाएं।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


आज का राशिफल (02 सितंबर 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
उत्तराखंड में कल भारी बारिश का अलर्ट, चार जिलों में स्कूल-आंगनबाड़ी बंद; प्रशासन ने जारी की चेतावनी