बिन्दुखत्ता राजस्व गांव: बहाने नहीं, अब मुख्यमंत्री से चाहिए लिखित आश्वासन; नहीं तो 27 सितंबर के बाद शुरू होगा अनिश्चितकालीन धरना

ख़बर शेयर करें 👉

लालकुआं। बिन्दुखत्ता को राजस्व ग्राम का दर्जा दिए जाने की मांग को लेकर ग्रामीणों का आंदोलन अब निर्णायक दौर में पहुंचता नजर आ रहा है। आगामी 27 सितंबर को प्रस्तावित जनसभा और विशाल रैली की तैयारियों के लिए बिन्दुखत्ता के सभी 32 गांवों में चल रही घर-घर पदयात्रा गुरुवार को 27वें दिन भी जारी रही।

पदयात्रा चित्रकूट मंदिर से शुरू होकर तिवारीनगर की गलियों से होते हुए वन देवी मंदिर तिवारीनगर पहुंची। यहां रात्रि पड़ाव के दौरान भजन-कीर्तन और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

‘अब कोरे आश्वासन नहीं, चाहिए लिखित तारीख’
रैली संयोजक कैप्टन इंद्र सिंह पनेरी ने कहा कि बिन्दुखत्ता की जनता वर्षों से मिल रहे आश्वासनों से अब संतुष्ट नहीं होगी। उन्होंने कहा कि 27 सितंबर की रैली सरकार के लिए स्पष्ट और निर्णायक संदेश होगी। बिन्दुखत्ता के सभी 32 गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण रैली में पहुंचकर अपनी एकजुटता दिखाएंगे।

उन्होंने कहा कि इस बार मुख्यमंत्री स्वयं रैली स्थल पर पहुंचकर राजस्व ग्राम की अधिसूचना जारी करने की जानकारी दें या समयबद्ध लिखित आश्वासन दें। उन्होंने कहा कि अब जनता को सिर्फ आश्वासन नहीं, बल्कि लिखित तारीख चाहिए।

मांग नहीं मानी तो अनिश्चितकालीन धरने की चेतावनी
कैप्टन पनेरी ने कहा कि यदि सरकार ने इस बार भी मांग को टालने का प्रयास किया तो 27 सितंबर की रैली के बाद रैली स्थल पर ही अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर क्रमिक अनशन शुरू करने पर भी विचार किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि आंदोलन को लेकर आगे की रणनीति ग्रामीणों की सहमति से तय की जाएगी और मांग पूरी होने तक संघर्ष जारी रहेगा।

पदयात्रा में वन अधिकार संगठन के अध्यक्ष उमेश चंद्र भट्ट, अर्जुन नाथ गोस्वामी, बलवंत सिंह बिष्ट, कैप्टन इंद्र सिंह पनेरी, दीपक जोशी, ममता बिष्ट, मीना मेहता, रेखा कार्की, संध्या डालाकोटी, दौलत सिंह कोरंगा, रमेश गोस्वामी, नवीन जोशी, कैप्टन खुशाल सिंह कोश्यारी, दानी कोरंगा, लोक कलाकार सोहन लाल, जीवन पांडे, दीपक पाठक, वीरेंद्र कार्की, हरीश कोरंगा, रणजीत सिंह, भवान सिंह कठायत, दीवान सिंह, गोविंद गिरी सहित तिवारीनगर के सैकड़ों ग्रामीण शामिल रहे।

ADVERTISEMENTS
यह भी पढ़ें 👉  बिंदुखत्ता: 26वें दिन तिवारी नगर पहुँची पदयात्रा, ग्रामीणों ने 27 सितंबर की विशाल रैली में जुटने का लिया संकल्प
Ad Ad Ad Ad