पंतनगर में दर्दनाक हादसा: बस की टक्कर से बाइक सवार दो लोगों की मौत; ओवरटेक के दौरान हुआ हादसा
उधम सिंह नगर। पंतनगर थाना क्षेत्र में सोमवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में हल्द्वानी के दो लोगों की मौत हो गई। नगला गोल गेट के पास शांतिपुरी क्रॉसिंग से पहले राज हार्डवेयर के निकट ओवरटेक करने के दौरान आईटीसी पेपर मिल की बस और बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में एक व्यक्ति ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे की सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र किच्छा में मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
ओवरटेक के दौरान बस और बाइक में भिड़ंत
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम करीब 6:30 बजे आईटीएस पेपर मिल की बस संख्या UK 06 PA 0383 कर्मचारियों को किच्छा की ओर छोड़ने जा रही थी। इसी दौरान शांतिपुरी क्रॉसिंग से पहले राज हार्डवेयर के पास ओवरटेक करने के दौरान बस की किच्छा की ओर से आ रही बाइक संख्या UK 04 Z 9879 से टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पंतनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाने की कार्रवाई की।
हल्द्वानी के कुलदीप अरोरा और गुलशन कुशवाहा की मौत
हादसे में जान गंवाने वाले पहले व्यक्ति की पहचान आधार कार्ड के आधार पर हल्द्वानी के मुखानी क्षेत्र स्थित निशांत विहार निवासी 49 वर्षीय कुलदीप अरोरा, पुत्र गुरुबख्श अरोरा, के रूप में हुई। उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं, दूसरे बाइक सवार 48 वर्षीय गुलशन कुशवाहा को गंभीर हालत में एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र किच्छा ले जाया गया, जहां पहुंचने पर उनकी भी मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में शोक छा गया। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, गुलशन के माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका था।
पुलिस ने शुरू की जांच, पोस्टमार्टम के लिए भेजे शव
पंतनगर थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटना से जुड़ी जानकारी जुटाई। मृतकों के पास मिले दस्तावेजों और मोबाइल फोन की मदद से उनके परिजनों को सूचना दी गई। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए रुद्रपुर भेज दिया है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हादसा ओवरटेक के दौरान हुआ। पुलिस दुर्घटना के कारणों और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। हादसे में दो लोगों की मौत से क्षेत्र में शोक का माहौल है।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


बिंदुखत्ता: भाजपा और इंडिया गठबंधन पर राजस्व ग्राम के कानूनी प्रावधानों को लेकर गुमराह करने का आरोप, 17वें दिन भी धरना जारी
बड़ी खबर! ग्राफिक एरा और कुमाऊं रेजिमेंटल सेंटर के बीच शैक्षिक सहयोग के लिए एमओयू; कुमाऊं और नागा रेजिमेंट के सैनिकों व परिवारों को असीमित छात्रवृत्तियां
आज का राशिफल (21 अक्टूबर 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
लालकुआं में दुकानदारों की मनमानी: सड़क पर दुकानें सजने से चलना हुआ दुश्वार, अब नगर पंचायत का एक्शन शुरू…