हल्द्वानी: पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 36 लाख की स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार
हल्द्वानी। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में जिलेभर में चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बनभूलपुरा पुलिस ने 121 ग्राम स्मैक के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की कीमत करीब 36 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी उत्तर प्रदेश के बरेली जिले से हल्द्वानी में स्मैक बेचने के इरादे से आया था। वह गौलापार बाईपास स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग-109 के यात्री विश्राम शेड में बैठकर ग्राहकों का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान पुलिस टीम वहां पहुंच गई।
जानकारी के अनुसार एसआई मनोज यादव और सिपाही दिलशाद अहमद क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रहे थे। गौलापुल से आगे बढ़ते हुए एसओजी टीम के साथ जब वे गौलापार बाईपास पहुंचे तो यात्री शेड में एक युवक संदिग्ध हालत में बैठा दिखाई दिया। पुलिस को देखते ही वह घबराकर भागने लगा, लेकिन टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे दबोच लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम 24 वर्षीय मोहम्मद उमैर निवासी शेखुपुरा टांडा, वार्ड-23 अजीज गली, थाना बहेड़ी, जिला बरेली (उत्तर प्रदेश) बताया। उसने कबूल किया कि हल्द्वानी क्षेत्र में स्मैक की मांग अधिक होने के कारण वह यहां नशा बेचने आया था।
बनभूलपुरा थानाध्यक्ष डीएस फर्त्याल ने बताया कि आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार पर सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


आज का राशिफल (01 सितंबर 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
बिंदुखत्ता में राजस्व ग्राम की मांग ने पकड़ा जोर; 17वें दिन पदयात्रा में उमड़ी भारी भीड़
(खुलासा): नई कार खरीदने के शौक ने पहुंचाया सलाखों के पीछे, पड़ोसी के घर से चुराया 15 लाख का सोना
आज का राशिफल (31 अगस्त 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!