हल्द्वानी में नशे पर बड़ी कार्रवाई: 62 लाख की स्मैक के साथ दो आरोपी गिरफ्तार, एक तस्कर तो दूसरा ग्राहक
हल्द्वानी। नैनीताल पुलिस द्वारा जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को बड़ी सफलता हाथ लगी है। मुखानी थाना पुलिस और एसओजी टीम की संयुक्त कार्रवाई में 207 ग्राम स्मैक के साथ दो नशे के सौदागरों को गिरफ्तार किया गया है। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 62 लाख रुपये आंकी गई है। पकड़े गए आरोपियों में एक स्मैक तस्कर जबकि दूसरा स्मैक खरीदने वाला ग्राहक बताया गया है।
शुक्रवार को पूरे मामले का खुलासा करते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने बताया कि मुखानी थाना क्षेत्र में उपनिरीक्षक वीरेंद्र चंद पुलिस टीम के साथ संदिग्ध व्यक्तियों और वस्तुओं की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान एसओजी टीम के साथ संयुक्त रूप से जब पुलिस अटल पार्क की ओर बढ़ी, तो सैमल के पेड़ के पास खड़े दो युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पीछा कर दोनों को नैनी ऑटोमोबाइल्स वर्कशॉप के सामने दबोच लिया। तलाशी लेने पर दोनों युवकों के पास से भारी मात्रा में स्मैक बरामद हुई।
पूछताछ में पहले आरोपी ने अपना नाम धनपाल पुत्र राम सहाय, निवासी जवाहर ज्योति, दमुवाढूंगा, थाना काठगोदाम (उम्र 36 वर्ष) बताया, जिसके पास से 125 ग्राम स्मैक मिली। दूसरे आरोपी ने अपना नाम रामचन्द्र पुत्र लीलाधर, निवासी ग्राम भेटाखास, थाना कटरा, तहसील तिलहर, जिला शाहजहांपुर, हाल निवासी दमुवाढूंगा (उम्र 42 वर्ष) बताया, जिसके पास से 82 ग्राम स्मैक बरामद की गई। कुल 207 ग्राम अवैध मादक पदार्थ की बरामदगी के बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है।
पूछताछ में धनपाल ने पुलिस को बताया कि वह स्मैक का आदी है और राजपुरा क्षेत्र में रेलवे फाटक के पास एक अज्ञात व्यक्ति से स्मैक खरीदता है। वहीं रामचन्द्र ने स्वीकार किया कि उसे स्मैक धनपाल से ही मिली थी।
इस बड़ी सफलता पर एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम को ₹2000 के नगद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है। पुलिस अब तस्करी के नेटवर्क और स्मैक की सप्लाई चेन की गहराई से जांच में जुट गई है।


आज का राशिफल (10 फरवरी 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
उत्तराखंड Weather Alert: आज इन 5 जिलों में बारिश-बर्फबारी का अलर्ट, 2 जिलों में घना कोहरा, IMD ने जारी किया अपडेट
आज का राशिफल (09 फरवरी 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
ऊधमसिंह नगर: जिले में निरीक्षक और उपनिरीक्षकों के बम्पर तबादले, देखें लिस्ट….