बड़ी खबर: हल्द्वानी में फिल्मी अंदाज़ की करोड़ों की चोरी, दीवार काटकर ज्वेलरी शोरूम साफ
हल्द्वानी। शहर के मुखानी चौराहे पर स्थित प्रतिष्ठित राधिका ज्वेलर्स में चोरों ने सुनियोजित तरीके से एक करोड़ रुपये से अधिक की ज्वेलरी चोरी कर ली। शातिर चोरों ने बगल की दुकान किराए पर लेकर दीवार काटकर ज्वेलरी शोरूम में सेंध लगाई और 11 शोकेस में रखे सोने-चांदी के कीमती आभूषण लेकर फरार हो गए।
रविवार सुबह दुकान स्वामी नवनीत शर्मा जब शोरूम पहुंचे तो अंदर का नजारा देख उनके होश उड़ गए। दीवार टूटी हुई थी, शोकेस खाली पड़े थे और पूरा सामान बिखरा हुआ था। प्रारंभिक आकलन में करीब 25 किलो चांदी और 400 ग्राम सोना चोरी होने की बात सामने आई है।
बताया जा रहा है कि ज्वेलरी शोरूम के पास स्थित एक दुकान को करीब 40 दिन पहले किराए पर लिया गया था, जहां कपड़ों के शोरूम के नाम पर निर्माण कार्य चल रहा था। पुलिस को आशंका है कि इसी काम की आड़ में चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। हैरानी की बात यह है कि किराएदारों का न आधार कार्ड लिया गया और न ही कोई संपर्क नंबर दुकान मालिक के पास मौजूद है।
सूचना मिलते ही मुखानी थानाध्यक्ष सुनील जोशी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। चोरी में इस्तेमाल किए गए औजार घटनास्थल से बरामद हुए हैं। फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
इस हाई-प्रोफाइल चोरी की घटना से इलाके के व्यापारियों में दहशत का माहौल है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


आज का राशिफल (05 सितंबर 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
नैनीताल में भारी बारिश का अलर्ट: कल स्कूल-आंगनबाड़ी केंद्र बंद रखने के आदेश
उत्तराखंड: भारी बारिश का अलर्ट, इस जिले में 5 सितंबर को सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद
सनसनीखेज खुलासा: देहरादून में बुजुर्ग महिला की हत्या, 12 घंटे के भीतर कातिल गिरफ्तार