बड़ी खबर (हल्द्वानी): मंडी डबल मर्डर केस का 6 घंटे में खुलासा, पत्थर से कुचलकर की थी हत्या, 4 आरोपी गिरफ्तार

ख़बर शेयर करें 👉

हल्द्वानी की बड़ी मंडी क्षेत्र में युवक-युवती की निर्मम हत्या से शहर में फैली सनसनी के बीच पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज छह घंटे के भीतर डबल मर्डर केस का खुलासा कर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों तक पहुंच बनाई।

गुरुवार सुबह पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि बड़ी मंडी इलाके में एक युवक और युवती के शव पड़े हैं। सूचना मिलते ही कोतवाली हल्द्वानी पुलिस, डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि दोनों की हत्या सिर पर भारी पत्थर से वार कर की गई है। घटनास्थल से खून से सना पत्थर भी बरामद हुआ।

दस्तावेजों के आधार पर मृतकों की पहचान शुभम टम्टा निवासी अल्मोड़ा और लक्ष्मी पोखरिया निवासी ओखलकांडा, नैनीताल के रूप में हुई। परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच तेज कर दी।
पूछताछ में आरोपियों ने चौंकाने वाला खुलासा किया।

पुलिस के मुताबिक सभी आरोपी युवक-युवती के साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान युवती के साथ छेड़खानी की गई, जिसका दोनों ने विरोध किया। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने पहले युवक पर हमला कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद राज खुलने के डर से युवती को भी मौत के घाट उतार दिया। पहचान छिपाने के इरादे से दोनों के सिर पत्थर से बुरी तरह कुचल दिए गए।

गिरफ्तार आरोपियों में गौरव नेगी उर्फ अक्कू ठाकुर, सौरभ भट्ट उर्फ भटिया, दीपू शर्मा उर्फ ध्रुव और दीपेश लटवाल उर्फ राज शामिल हैं। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त पत्थर, मोबाइल फोन और खून से सने कपड़े बरामद किए हैं।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार मुख्य आरोपी गौरव नेगी पर पहले से 11 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जबकि दीपेश लटवाल पर भी एनडीपीएस समेत तीन मामले दर्ज बताए गए हैं।

एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने त्वरित खुलासे पर पुलिस टीम की सराहना करते हुए नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि जघन्य अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।