हल्द्वानी में 21 मार्च को बड़ा कार्यक्रम: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के दौरे से पहले प्रशासन अलर्ट, तैयारियों की सख्त समीक्षा

ख़बर शेयर करें 👉

हल्द्वानी 18 मार्च 2026 (सूवि)। जनपद नैनीताल में आगामी 21 मार्च को प्रस्तावित रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के दौरे को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। कुमाऊं आयुक्त/सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत की अध्यक्षता में सर्किट हाउस हल्द्वानी में पूर्व तैयारी बैठक आयोजित की गई, जिसमें सभी विभागों को जिम्मेदारियां सौंपते हुए समयबद्ध और त्रुटिरहित कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में आयुक्त ने बताया कि राज्य सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 21 मार्च को हल्द्वानी स्थित एमबी इंटर कॉलेज मैदान में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस आयोजन को सफल और सुव्यवस्थित बनाने के लिए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि सभी व्यवस्थाएं तय समय के भीतर पूरी कर ली जाएं और आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

यह भी पढ़ें 👉  आज का राशिफल (18 मार्च 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!

आयुक्त ने विशेष रूप से पार्किंग, यातायात, सुरक्षा, साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, शौचालय, आपातकालीन सेवाएं, वीआईपी और मीडिया बैठने की व्यवस्था समेत सभी जरूरी व्यवस्थाओं को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि सभा स्थल तक आमजन की सुगम पहुंच सुनिश्चित हो और प्रत्येक व्यक्ति को बैठने की उचित व्यवस्था मिले।

जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टीसी मंजूनाथ को सैक्टरवार जिम्मेदारियां तय कर सभी व्यवस्थाओं की निगरानी करने के निर्देश दिए गए। साथ ही जल संस्थान को पेयजल टैंकर और डिस्पेंसर की पर्याप्त व्यवस्था करने तथा आवश्यकतानुसार मोबाइल टॉयलेट लगाने को कहा गया।

नगर निगम को नियमित सफाई अभियान चलाने, जबकि लोक निर्माण विभाग को वीआईपी मार्ग सहित सभी सड़कों को गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए गए। परिवहन विभाग को आगंतुकों के आवागमन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। मुख्य विकास अधिकारी को कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी लगाने की तैयारी तत्काल शुरू करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक के बाद आयुक्त दीपक रावत ने एमबी इंटर कॉलेज मैदान पहुंचकर तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया और अधिकारियों को मंच, पंडाल व अन्य निर्माण कार्य समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।

बैठक में दर्जा राज्य मंत्री डॉ अनिल कपूर डब्बू, भाजपा प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट, जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल, जिलाधिकारी उधमसिंह नगर नीतिन भदौरिया, सीडीओ अरविन्द कुमार पाण्डे, सीडीओ उधमसिंह नगर दिवेश शाशनी, अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र नेगी, विवेक राय, पंकज उपाध्याय,सिटी मजिस्टेट एपी बाजपेयी, नगर आयुक्त पारितोष वर्मा, आटीओ गुरूदेव सिंह, उपजिलाधिकारी प्रमोद कुमार, रेखा कोहली, बीसी पंत, डीडीओ गोपाल गिरी गोस्वामी सहित लोनिवि, जलसंस्थान, विद्युत, आदि विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।