हल्द्वानी हादसा: अमेजन डिलीवरी सेंटर में लगी भीषण आग, गौलापार और पंचायतघर के दो युवकों की जिंदा जलकर मौत
हल्द्वानी। शहर में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। हल्द्वानी स्थित अमेजन डिलीवरी स्टोर में अचानक भीषण आग लग गई, जिसमें अंदर सो रहे दो कर्मचारियों की जलकर और दम घुटने से मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया, जबकि पुलिस और दमकल विभाग की टीमें देर रात तक राहत एवं बचाव कार्य में जुटी रहीं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसे के समय स्टोर के भीतर दो कर्मचारी सो रहे थे। बताया जा रहा है कि स्टोर का शटर बाहर से बंद था, जिसके कारण आग लगने के बाद दोनों बाहर नहीं निकल सके। देखते ही देखते आग ने पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया और धुएं से स्टोर भर गया।
हादसे में जान गंवाने वाले कर्मचारियों की पहचान गौलापार निवासी नरेंद्र और पंचायतघर निवासी अमित के रूप में की जा रही है। पुलिस ने दोनों के परिजनों को शिनाख्त के लिए बुलाया। इसके बाद शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल (एसटीएच) भेज दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक दोनों कर्मचारियों की जान जा चुकी थी।
पुलिस और फायर विभाग आग लगने के कारणों की जांच कर रहे हैं। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट सहित अन्य संभावित कारणों को खंगाला जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आग लगने की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
इस दर्दनाक घटना के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है, जबकि क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


नैनीताल में भारी बारिश का अलर्ट: कल स्कूल-आंगनबाड़ी केंद्र बंद रखने के आदेश
उत्तराखंड: भारी बारिश का अलर्ट, इस जिले में 5 सितंबर को सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद
सनसनीखेज खुलासा: देहरादून में बुजुर्ग महिला की हत्या, 12 घंटे के भीतर कातिल गिरफ्तार
उत्तराखंड हाईकोर्ट शिफ्टिंग मामले में बड़ा फैसला, नैनीताल से हल्द्वानी बेलबाबा ले जाने के खिलाफ याचिका खारिज
आज का राशिफल (04 सितंबर 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!