हल्द्वानी: यहां हुआ दर्दनाक हादसा, हाथी से टकराई बाइक, दो युवकों की मौत
हल्द्वानी से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। टांडा क्षेत्र स्थित हाथी कॉरिडोर में तेज रफ्तार बाइक अचानक सड़क पर आए हाथी से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार दो युवकों की जान चली गई। एक युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में दहशत और शोक का माहौल है।
पुलिस के मुताबिक बनभूलपुरा की गफूर बस्ती निवासी 26 वर्षीय शकील और 28 वर्षीय जाफर शनिवार शाम बाइक से हल्द्वानी से रुद्रपुर की ओर जा रहे थे। बेलबाबा से आगे टांडा रोड पर स्थित हाथी कॉरिडोर में अचानक एक हाथी सड़क पर आ गया। तेज गति के कारण बाइक सवार संभल नहीं पाए और वाहन अनियंत्रित होकर गिर पड़ा। टक्कर में शकील के सिर पर गंभीर चोट आई, जबकि पीछे बैठे जाफर भी गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और दोनों को तत्काल डॉ. सुशीला तिवारी चिकित्सालय पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने शकील को मृत घोषित कर दिया। जाफर की हालत नाजुक होने पर उसे हायर सेंटर रेफर किया गया, लेकिन परिजन जब उसे बरेली ले जा रहे थे तो रास्ते में ही उसकी भी सांसें थम गईं।
बताया जा रहा है कि दोनों युवक हल्द्वानी में रहकर आर्टिफिशियल ज्वेलरी और कपड़ों की फेरी लगाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। एक साथ दो युवकों की मौत से परिवार और क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है। पोस्टमार्टम के बाद दोनों शवों को उनके मूल निवास शाहजहांपुर भेजा जाएगा।
घटना की सूचना पर पुलिस और वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। ललित जोशी, रेंजर हल्द्वानी रेंज ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हाथी की मौजूदगी के चलते हादसा होने की आशंका है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।


DM ललित मोहन रयाल की सख्ती: कृषि पट्टे की जमीन पर बने होटल की 0.220 हेक्टेयर भूमि राज्य सरकार में निहित
आज का राशिफल (01 मार्च 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!