हल्द्वानी: देर रात डिलीवरी पर निकले जोमैटो बाइकर को अज्ञात वाहन ने कुचला, 34 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत

ख़बर शेयर करें 👉

हल्द्वानी। शहर में बुधवार देर रात एक हृदयविदारक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। मोती नगर चौराहे के पास हाईवे पर जोमैटो डिलीवरी बॉय को अज्ञात वाहन ने कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही हालत गंभीर हो गई। अस्पताल ले जाते समय डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान सुभाष नगर निवासी 34 वर्षीय नितिन गुणवंत के रूप में हुई है, जो पिछले दो वर्षों से हल्द्वानी में जोमैटो डिलीवरी बॉय के रूप में काम कर रहा था। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, नितिन बुधवार रात करीब 12:30 बजे खाना डिलीवर करने के लिए निकला था। जैसे ही वह मोती नगर चौराहे के पास हाईवे पर पहुंचा, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि नितिन सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत 108 एंबुलेंस सेवा को सूचना दी। गंभीर हालत में नितिन को डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

परिजनों के अनुसार, नितिन ने होटल मैनेजमेंट की पढ़ाई की थी और कुछ वर्ष पहले उसने अपना रेस्टोरेंट भी शुरू किया था, लेकिन व्यवसाय न चल पाने के कारण दुकान बंद करनी पड़ी। इसके बाद वह पिछले दो वर्षों से जोमैटो के माध्यम से डिलीवरी का काम कर परिवार का भरण-पोषण कर रहा था।

परिवार में नितिन के पिता घर पर रहते हैं, जबकि उसका छोटा भाई एक निजी कंपनी में कार्यरत है। नितिन की असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
पुलिस ने मामले में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से वाहन की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।