हल्द्वानी में दिल दहला देने वाली घटना: नैनीताल घूमने आए काशीपुर निवासी ने होटल में पत्नी-बेटे के सामने खुद को मारी गोली
हल्द्वानी। नए साल की छुट्टियों में परिवार के साथ नैनीताल घूमने आए काशीपुर निवासी एक व्यक्ति ने हल्द्वानी में होटल के कमरे के भीतर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। यह दर्दनाक घटना काठगोदाम थाना क्षेत्र के गौलापार स्थित देवभूमि होटल की है, जहां मृतक ने अपनी पत्नी और 12 वर्षीय बेटे के सामने यह खौफनाक कदम उठाया। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
मृतक की पहचान सुखवंत सिंह, निवासी पैगा, काशीपुर (ऊधम सिंह नगर) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, सुखवंत सिंह अपनी पत्नी और बेटे के साथ नैनीताल घूमने आया था और गौलापार के होटल में ठहरा हुआ था। देर रात करीब 2:30 बजे उसने कमरे के भीतर खुद को गोली मार ली। गोली सिर के दाहिने हिस्से से लगकर बाईं ओर से निकल गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हथियार को लेकर हुई छीना-झपटी
पुलिस जांच में सामने आया है कि आत्महत्या से पहले सुखवंत सिंह ने पत्नी और बेटे के सामने खुद को गोली मारने की कोशिश की थी। इस दौरान हथियार को लेकर छीना-झपटी हुई, जिसमें पत्नी और बच्चे को हल्की खरोंचें आईं। जान बचाने के लिए दोनों मदद मांगने होटल के रिसेप्शन की ओर चले गए। इसी बीच कमरे में अकेले रह गए सुखवंत सिंह ने खुद को गोली मार ली।
गोली की आवाज से मचा हड़कंप
गोली चलने की आवाज सुनते ही होटल में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर काठगोदाम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। कमरे से हथियार बरामद किया गया है। पुलिस फोरेंसिक जांच के साथ-साथ मृतक की पारिवारिक पृष्ठभूमि और आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।
फेसबुक लाइव में लगाए गंभीर आरोप
आत्महत्या से कुछ समय पहले सुखवंत सिंह फेसबुक लाइव पर आया था, जिसमें उसने ऊधम सिंह नगर पुलिस और एसएसपी पर गंभीर आरोप लगाए। वीडियो में उसने कहा कि उस पर झूठे मुकदमों का दबाव बनाया जा रहा था और एक बड़े प्रॉपर्टी विवाद में उसकी कहीं सुनवाई नहीं हुई। उसने दावा किया कि करीब चार करोड़ रुपये के फर्जीवाड़े में उसे जबरन फंसाया गया और समझौते के लिए मानसिक दबाव डाला जा रहा था।
फेसबुक लाइव में सुखवंत सिंह ने कहा कि पिछले चार महीनों से वह मानसिक प्रताड़ना झेल रहा था और उसे कहीं से न्याय की उम्मीद नहीं बची थी। उसने पूरे मामले की सीबीआई जांच की मांग भी की थी।
जमीन सौदे में बड़े फर्जीवाड़े का आरोप
मृतक के परिजनों ने जमीन के सौदे में बड़े फर्जीवाड़े का आरोप लगाया है। मृतक के पिता अजय सिंह के अनुसार, उनके बेटे से करीब चार करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की गई। जमीन की डील के नाम पर केवल 50 लाख रुपये का एक प्लॉट दिया गया, जो बाद में फर्जी निकला। इसके अलावा करीब 3 करोड़ 80 लाख रुपये अलग-अलग तरीकों से ले लिए गए। परिजनों का कहना है कि जमीन 7 से 7.5 एकड़ बताई गई थी, लेकिन न तो सही रजिस्ट्री कराई गई और न ही रकम वापस की गई।
परिजनों का आरोप है कि थाना, चौकी और एसएसपी कार्यालय तक शिकायत करने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि यदि समय रहते निष्पक्ष जांच होती, तो सुखवंत सिंह को यह कदम नहीं उठाना पड़ता।
सीबीआई जांच की मांग
घटना के बाद परिजनों और रिश्तेदारों ने पूरे मामले की सीबीआई से निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्य और सोशल मीडिया वीडियो के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


उत्तराखंड: खूनी संघर्ष में बदला घरेलू विवाद, बुजुर्ग महिला की पीट-पीटकर हत्या
ऊधमसिंह नगर: यहां फर्जी आधार-पैन और मार्कशीट बनाने वाले जन सेवा केंद्र पर STF की बड़ी कार्रवाई
बड़ी खबर (देहरादून): जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप
बड़ी खबर (बिंदुखत्ता): राजस्व गांव की मांग पर ऐतिहासिक जनसैलाब, हजारों लोगों की हुंकार से गूंजा जड़ सेक्टर,…देखें वीडियो
आज का राशिफल (18 फरवरी 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!