हल्द्वानी: रामपुर रोड पर भीषण सड़क हादसा, एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत, 2 गंभीर घायल

ख़बर शेयर करें 👉

हल्द्वानी। नैनीताल जिले के हल्द्वानी से मंगलवार तड़के बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। रामपुर रोड स्थित बेलबाबा के पास हुई इस दुर्घटना में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा सुबह करीब 3:30 बजे हुआ, जब तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और अल्टो कार की आमने-सामने टक्कर हो गई।

जानकारी के मुताबिक रुद्रपुर से आ रही अल्टो कार और सामने से आ रही स्कॉर्पियो की जोरदार भिड़ंत हुई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अल्टो में सवार तीन लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान हाफ़िज़ साजिद, अफसरी और शाहजहां के रूप में हुई है। वहीं, ज़ाहिद और मुस्कान गंभीर रूप से घायल हैं। सभी मृतक और घायल हल्द्वानी के आज़ाद नगर, लाइन नंबर 17 के निवासी बताए जा रहे हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे के बाद स्कॉर्पियो सवार वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। दुर्घटना में शामिल स्कॉर्पियो का नंबर UK 06 BH 6080 है। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती कराया।

पुलिस ने मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। शुरुआती जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और रात का समय बताया जा रहा है। अचानक हुई इस दुर्घटना से मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया है। आसपास के लोगों का कहना है कि टक्कर की आवाज इतनी तेज थी कि पूरा इलाका दहल उठा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।