लालकुआं (बेरीपड़ाव): यहां डंपर की चपेट में आए स्कूटी सवार युवक की मौत, युवती की हालत नाजुक

ख़बर शेयर करें 👉

लालकुआं। बेरीपड़ाव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर अष्टादश भुजा महालक्ष्मी मंदिर के सामने शनिवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में स्कूटी सवार युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि साथ बैठी युवती गंभीर रूप से घायल हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार हिम्मतपुर चौमवाल निवासी 32 वर्षीय कार्तिक कांडपाल पुत्र कृष्ण नंद कांडपाल शनिवार सुबह करीब 10 बजे स्कूटी से हल्दूचौड़ की ओर जा रहे थे। रास्ते में गांव की 25 वर्षीय नेहा कांडपाल पुत्री पुष्कर कांडपाल ने उनसे लिफ्ट ली और स्कूटी पर बैठ गई। बताया जा रहा है कि नेहा अशोक लीलैंड कंपनी में कार्यरत है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जैसे ही दोनों गांव की सड़क से राष्ट्रीय राजमार्ग पर चढ़े और आगे चल रहे डंपर (संख्या यूके 01-सीए 3035) को ओवरटेक करने का प्रयास किया, तभी स्कूटी अनियंत्रित हो गई और सीधे डंपर के नीचे जा घुसी। हादसा इतना भीषण था कि कार्तिक का सिर डंपर के नीचे आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

वहीं नेहा के सिर पर गंभीर चोट आई है। उसे तत्काल उपचार के लिए डॉ सुशीला तिवारी चिकित्सालय हल्द्वानी भेजा गया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।