हल्द्वानी को स्मार्ट सिटी बनाने की ओर बड़ा कदम; 2200 करोड़ की परियोजनाओं की आयुक्त दीपक रावत ने की समीक्षा

ख़बर शेयर करें 👉

हल्द्वानी। कुमाऊँ आयुक्त ने हल्द्वानी में एडीबी सहायतित 2200 करोड़ की एकीकृत शहरी अवसंरचना विकास परियोजना की समीक्षा की

आयुक्त/सचिव मा. मुख्यमंत्री दीपक रावत ने सोमवार को हल्द्वानी में 2200 करोड़ रुपये की लागत से एशियन डेवलपमेंट बैंक (ADB) द्वारा सहायतित एकीकृत शहरी अवसंरचना विकास परियोजना के अंतर्गत चल रहे कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि कुमाऊँ के प्रवेश द्वार हल्द्वानी के लिए यह परियोजना अत्यंत महत्वपूर्ण है। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार परियोजना की निगरानी सभी स्तरों पर सुनिश्चित की जा रही है। आयुक्त ने कार्यों की गुणवत्ता व समयबद्धता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए और कहा कि शीघ्र ही वे स्वयं स्थलीय निरीक्षण करेंगे।

प्रोजेक्ट मैनेजर कुलदीप सिंह ने जानकारी दी कि 336 करोड़ रुपये की लागत से हल्द्वानी तहसील परिसर में अत्याधुनिक बहुमंजिला भवन बनाया जाएगा, जिसकी टेंडर प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। इस भवन में तहसील, उपजिलाधिकारी, उपनिबंधक कार्यालय, लाइब्रेरी, प्रेस क्लब, सेंट्रल रिकॉर्ड रूम, CMC कंट्रोल रूम, सर्विलांस सेंटर तथा लगभग 650 वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था होगी।

यह भी पढ़ें 👉  बिंदुखत्ता: भाजपा और इंडिया गठबंधन पर राजस्व ग्राम के कानूनी प्रावधानों को लेकर गुमराह करने का आरोप, 17वें दिन भी धरना जारी

उन्होंने बताया कि 30 करोड़ की लागत से 1500 मीटर लंबा रकसिया नाला आउटफॉल कार्य लगभग 90% पूर्ण हो चुका है, और शेष कार्य जून तक, वर्षाकाल से पूर्व, पूर्ण कर लिया जाएगा।

साथ ही शहर में 766 किमी पेयजल लाइन बिछाई जानी है, जिसमें से अब तक 250 किमी तक का कार्य पूर्ण हो चुका है। वहीं, 120 किमी सीवरेज लाइन में से 40 किमी का कार्य पूर्ण हो गया है। पेयजल योजना के अंतर्गत 14 सतही जलाशयों में से 2 का निर्माण प्रगति पर है और 23 वार्डों में ओवरहेड टैंक, पाइपलाइन, 8 नए ट्यूबवेल तथा 25 मौजूदा टैंकों के सुदृढ़ीकरण का कार्य प्रगति पर है।

यह भी पढ़ें 👉  बड़ी खबर! ग्राफिक एरा और कुमाऊं रेजिमेंटल सेंटर के बीच शैक्षिक सहयोग के लिए एमओयू; कुमाऊं और नागा रेजिमेंट के सैनिकों व परिवारों को असीमित छात्रवृत्तियां

128 करोड़ की लागत से वॉकवे से शनिबाजार तक वर्षा जल प्रबंधन का कार्य चल रहा है। वर्षाकाल में नैनीताल रोड पर जलभराव की समस्या को दूर करने हेतु 7 आउटफॉल का निर्माण किया जा रहा है, जिनके माध्यम से वर्षा जल को गौला नदी में छोड़ा जाएगा।

यह भी पढ़ें 👉  बड़ी खबर! आज सचिवालय में जुटेगी धामी कैबिनेट, कई अहम प्रस्तावों पर लग सकती है मुहर

प्रोजेक्ट मैनेजर ने बताया कि मंडी से तीनपानी तक फोरलेन सड़क निर्माण कार्य के लिए टेंडर प्रक्रिया गतिमान है। इसके साथ ही नैनीताल और कालाढूंगी सड़क के लिए 115 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक सड़क निर्माण *कार्य शुरू किया जाएगा ।

इस अवसर पर सिटी मजिस्ट्रेट ए.पी. बाजपेयी, प्रोजेक्ट मैनेजर कुलदीप सिंह, संयुक्त निदेशक अर्थ-संख्या राजेन्द्र तिवारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad