हल्द्वानी में दुग्ध संघ की एजीएम में दिखाया जाएगा प्रधानमंत्री मोदी का लाइव प्रसारण, लॉन्च होगी ‘प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना’
हल्द्वानी। नैनीताल आँचल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड की वार्षिक सामान्य निकाय बैठक (एजीएम) इस बार ऐतिहासिक होने जा रही है। शनिवार, 11 अक्टूबर को हल्द्वानी के संकल्प बैंक्विट हॉल में आयोजित इस अधिवेशन के दौरान देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लाइव प्रसारण दिखाया जाएगा। इस दौरान प्रधानमंत्री ‘प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना’ का शुभारंभ करेंगे और किसानों से सीधा संवाद भी करेंगे।
यह योजना 16 जुलाई 2025 को केंद्रीय मंत्रिमंडल से मंजूर हुई थी, जिसका उद्देश्य देश के 100 पिछड़े कृषि जिलों को विकसित करना है। पहले चरण में यह योजना नैनीताल जिले सहित 100 जिलों में लागू की जाएगी।
प्रधानमंत्री मोदी इस कार्यक्रम का शुभारंभ दिल्ली के पूसा संस्थान से करेंगे। इसी मौके पर प्रधानमंत्री डीप सी फिशिंग नीति की शुरुआत और पशुपालन, मत्स्य एवं खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र से जुड़ी 3,000 करोड़ रुपये की 56 परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास भी करेंगे।
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के अनुसार, 24,000 करोड़ रुपये की लागत से शुरू की गई यह योजना वर्ष 2030-31 तक दलहन की खेती का क्षेत्रफल 31 मिलियन हेक्टेयर तक बढ़ाने का लक्ष्य रखती है। साथ ही, केंद्र सरकार देश में उत्पादित दालों की खरीद भी करेगी।
क्या है प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना?
यह योजना किसानों की आय बढ़ाने, कृषि उत्पादकता सुधारने और फसल विविधीकरण को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से लाई गई है। इसे एक ‘महा-योजना’ के रूप में तैयार किया गया है, जिसके तहत 11 मंत्रालयों की 36 योजनाओं को एक मंच पर जोड़ा गया है। योजना का वार्षिक बजट 24,000 करोड़ रुपये और अवधि 6 वर्ष रखी गई है।
नैनीताल दुग्ध संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा ने बताया कि प्रधानमंत्री के इस ऐतिहासिक कार्यक्रम का सीधा प्रसारण एजीएम स्थल पर दिखाया जाएगा, ताकि किसान भी इस महत्वाकांक्षी योजना से सीधे जुड़ सकें। उन्होंने कहा कि यह पहल किसानों के लिए आत्मनिर्भर भारत की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।


आज का राशिफल (21 फरवरी 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
लालकुआं रेलवे फाटक पर बवाल: बैरियर टूटने से तनाव, व्यापारियों और गेटमैन में हाथापाई, घंटों जाम
उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा 21 फरवरी से: नकल पर सख्ती, 1261 केंद्रों पर धारा 144 लागू
उत्तराखंड में दिल दहला देने वाली घटना: फौजी की मां की निर्मम हत्या, कॉलोनी में दहशत
आज का राशिफल (20 फरवरी 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!