हल्द्वानी में सनसनी: रेत के ढेर में दबा मिला लालकुआं के युवक का शव, क्रशर से डंपर में भरकर पहुंची थी रेत
हल्द्वानी। शहर के चौफुला-कठघरिया मार्ग पर रविवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब सड़क निर्माण के लिए मंगाए गए रेत के ढेर के अंदर से एक युवक का शव बरामद हुआ। मजदूर निर्माण कार्य के लिए जैसे ही रेत हटाने लगे, उन्हें उसमें सिर और हाथ दिखाई दिए। यह देखते ही मौके पर हड़कंप मच गया और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर रेत से शव बाहर निकलवाया। मृतक की पहचान जयपुर बीसा, लालकुआं निवासी पवन सिंह (30) पुत्र मदन सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि पवन डंपर में हेल्पर के तौर पर काम करता था।
क्रशर से डंपर में भरकर आई थी रेत
चौफुला-कठघरिया मार्ग पर इन दिनों सड़क और नाले का निर्माण कार्य चल रहा है। रविवार को निर्माण के लिए गोरापड़ाव स्थित क्रशर से डंपर में रेत मंगाई गई थी, जिसे निर्माण स्थल पर उतार दिया गया।
दोपहर बाद मजदूरों ने जैसे ही निर्माण के लिए रेत उठानी शुरू की, ढेर के अंदर से सिर और हाथ दिखाई दिए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाया।
आखिर रेत के साथ कैसे पहुंच गया शव?
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पवन रविवार सुबह काम पर निकला था और चालक के साथ डंपर लेकर गोरापड़ाव स्थित क्रशर पहुंचा था। सूत्रों के मुताबिक, चालक मुख्य गेट पर रुक गया, जबकि पवन डंपर लेकर अंदर चला गया।
बताया जा रहा है कि लोडिंग से पहले पवन डंपर में रेत निकलने वाली जगह पर कट्टे लगा रहा था। इसी दौरान जेसीबी से डंपर में रेत डाल दी गई और उसके रेत में दब जाने की आशंका जताई जा रही है। बाद में चालक डंपर लेकर कठघरिया पहुंचा और रेत निर्माण स्थल पर खाली कर दी।
हालांकि घटनाक्रम वास्तव में कैसे हुआ, इसकी स्थिति पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
क्रशर मालिक और डंपर स्वामी से होगी पूछताछ
एसपी सिटी मनोज कत्याल के मुताबिक, मामले में डंपर स्वामी और क्रशर मालिक से पूछताछ की जाएगी। रेत भरने वाले जेसीबी चालक को भी बुलाया गया है। फिलहाल पुलिस को तहरीर नहीं मिली है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


आज का राशिफल (10 सितंबर 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर संजय पाण्डे ने एसएसपी से की मुलाकात, एल.आर. साह रोड व मुख्य बाजार की यातायात व्यवस्था में सुधार की उठाई मांग