हल्द्वानी में दर्दनाक हादसा: ड्यूटी जा रहे सुपरवाइजर को तेज रफ्तार थार ने कुचला, मौके पर मौत
हल्द्वानी। नैनीताल जिले के हल्द्वानी में शनिवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसे में एक सुपरवाइजर की मौत हो गई। घटना टीपीनगर पुलिस चौकी के पास की है, जहां तेज रफ्तार थार ने सड़क किनारे पैदल चल रहे सुपरवाइजर को कुचल दिया। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, सत्यलोक कॉलोनी डहरिया निवासी 55 वर्षीय जीवन पंत पुत्र बद्रीदत्त किच्छा के शिमला पिस्तौर स्थित किंग फिशर कंपनी में सुपरवाइजर थे। वह रोजाना की तरह शनिवार सुबह घर से पैदल ड्यूटी के लिए निकले थे और टीपीनगर चौराहे से कंपनी जाने के लिए वाहन पकड़ने जा रहे थे।
उसी दौरान रुद्रपुर से हल्द्वानी की ओर आ रही लखनऊ नंबर की थार ने अचानक तेज मोड़ लेते हुए उन्हें टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि थार की रफ्तार इतनी अधिक थी कि वह एक दुकान से टकराने के बाद सीधे जीवन पंत को रौंदती चली गई। हादसे में सुपरवाइजर के पैर और पेट पर गंभीर चोट आई और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, थार में तीन से चार युवक सवार थे, जो कथित रूप से नशे की हालत में थे। वाहन से शराब की बोतलें भी बरामद की गई हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर थार को कब्जे में ले लिया है और सवार युवकों को हिरासत में लिया गया है।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया है। इस हादसे से क्षेत्र में शोक की लहर है। मृतक के परिवार में पत्नी, एक बेटी और एक नाबालिग बेटा है।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


आज का राशिफल (05 सितंबर 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
नैनीताल में भारी बारिश का अलर्ट: कल स्कूल-आंगनबाड़ी केंद्र बंद रखने के आदेश
उत्तराखंड: भारी बारिश का अलर्ट, इस जिले में 5 सितंबर को सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद
सनसनीखेज खुलासा: देहरादून में बुजुर्ग महिला की हत्या, 12 घंटे के भीतर कातिल गिरफ्तार