अमित शाह ने उत्तराखंड को दी 1,129 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात, 17 प्रोजेक्ट का किया उद्घाटन
देहरादून। केद्रीय गृह मंत्री और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने शनिवार को उत्तराखंड में धामी सरकार के चार साल पूरे होने के मौके पर 1,129.91 करोड़ रुपए की लागत वाली विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने 1,014.81 करोड़ रुपए की लागत वाली 22 परियोजनाओं का शिलान्यास किया, वहीं 115.10 करोड़ रुपए की लागत वाली 17 परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने राज्य की आर्थिक प्रगति और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ी कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं, साथ ही पुलिसकर्मियों के बीच नियुक्ति पत्र, CAA के तहत प्रमाण पत्र भी दिए और ‘ई-जीरो FIR’ सिस्टम की शुरुआत भी की।
‘यूपीए सरकार में मिले थे मात्र 54 हजार करोड़ रुपए’
कार्यक्रम में शाह ने यूपीए सरकार के दौरान उत्तराखंड के साथ भेदभाव होने का आरोप लगाते हुए बताया कि साल 2004 से 2014 के बीच, राज्य को केंद्र सरकार से केवल 54,000 करोड़ रुपए ही मिले, जबकि केंद्र में भाजपा की सरकार बनने के बाद साल 2014 से अबतक राज्य को 1.87 लाख करोड़ रुपए मिल चुके हैं। इसके अलावा ऑल वेदर रोड प्रोजेक्ट, दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर, रेलवे और अन्य बुनियादी ढांचे के विकास जैसी परियोजनाओं में भी हजारों करोड़ रुपए का निवेश किया जा रहा है।
‘प्रति व्यक्ति आय 1.25 लाख से बढ़कर 2.6 लाख रुपए हुई’
आगे उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की प्रति व्यक्ति आय साल 2014 में 1.25 लाख रुपए थी, जो आज बढ़कर 2.60 लाख रुपए हो गई है। जबकि राज्य का GSDP 1.5 लाख करोड़ रुपए से बढ़कर 3.5 लाख करोड़ रुपए हो गया है।
1900 कांस्टेबलों को मिले नियुक्ति पत्र
इस मौके पर गृहमंत्री ने उत्तराखंड पुलिस में कांस्टेबल के तौर पर नियुक्ति पत्र पाने वाले करीब 1,900 युवाओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में सरकारी नौकरियां अब बिना किसी भ्रष्टाचार या गलत तरीकों के दी जा रही हैं। यह मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा लाए गए सख्त एंटी-कॉपी कानून की वजह से मुमकिन हुआ है, जिससे भर्ती में ट्रांसपेरेंसी पक्की हुई है।


बड़ी खबर (हल्द्वानी): चंदन हॉस्पिटल पर अवैध वसूली और लापरवाही के आरोप, जिलाधिकारी ने गठित की जांच समिति
अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडल ने किया लालकुआं आँचल डेयरी का दौरा, दुग्ध प्रसंस्करण व्यवस्था और सहकारी मॉडल की सराहना