बड़ी खबर (देहरादून): शिक्षा निदेशालय में प्रारंभिक शिक्षा निदेशक से कथित मारपीट, विधायक की मौजूदगी से मामला गरमाया
देहरादून। राज्य के शिक्षा विभाग में उस समय हलचल मच गई जब शिक्षा निदेशालय परिसर में प्रारंभिक शिक्षा निदेशक अजय नौडियाल के साथ कथित मारपीट की घटना सामने आई। घटना के समय भाजपा विधायक उमेश शर्मा काऊ की मौजूदगी बताई जा रही है, जिससे मामला प्रशासनिक के साथ-साथ राजनीतिक रूप से भी संवेदनशील हो गया है।
घटना के बाद घायल निदेशक अजय नौडियाल को तुरंत कोरोनेशन अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत फिलहाल स्थिर है और उपचार जारी है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक शिक्षा निदेशालय में किसी प्रशासनिक विषय को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते तीखी बहस और फिर हाथापाई में बदल गया। निदेशक की ओर से विधायक पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं, वहीं विभागीय कर्मचारियों का कहना है कि विधायक के साथ आए कुछ समर्थकों ने दुर्व्यवहार और मारपीट की।
हालांकि पुलिस और प्रशासन की ओर से अभी तक विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
घटना के विरोध में शिक्षा विभाग के कर्मचारियों में भारी आक्रोश है। कर्मचारियों ने आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है और चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो प्रदेशव्यापी आंदोलन किया जाएगा।
इस घटनाक्रम के बाद प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है और सभी की निगाहें अब जांच और संभावित कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


आज का राशिफल (02 सितंबर 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
गौला नदी का रौद्र रूप, बिंदुखत्ता में तेज भू-कटाव से मचा हड़कंप; कई एकड़ जमीन नदी में समाई
बिंदुखत्ता में राजस्व ग्राम की मांग ने पकड़ा जोर, पदयात्रा में आज भी उमड़ा जनसैलाब; हजारों लोग हुए शामिल