बड़ी खबर! उत्तराखंड में 23 जनवरी को बारिश-बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट, सीएम के निर्देश पर प्रशासन अलर्ट मोड में
देहरादून। उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग ने 23 जनवरी को राज्य के कई जिलों में बारिश और बर्फबारी की चेतावनी जारी करते हुए उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ के लिए ऑरेंज अलर्ट, जबकि देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, पौड़ी, अल्मोड़ा और नैनीताल के लिए येलो अलर्ट घोषित किया है। इस चेतावनी को गंभीरता से लेते हुए राज्य सरकार और आपदा प्रबंधन विभाग पूरी तरह अलर्ट हो गया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने संबंधित जनपदों के जिला आपदा प्रबंधन अधिकारियों और विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर तैयारियों का जायजा लिया। बैठक में संभावित बारिश, बर्फबारी, पाला और शीतलहर से उत्पन्न हालात से निपटने के लिए सभी जिलों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए।
सचिव ने पुलिस, स्वास्थ्य, लोक निर्माण, विद्युत, पेयजल, पशुपालन और नगर निकाय विभागों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूर्व तैयारियां सुनिश्चित की जाएं।
विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए दूरस्थ और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में सुरक्षित प्रसव की व्यवस्था पहले से करने के निर्देश दिए गए हैं। जरूरत पड़ने पर गर्भवती महिलाओं को समय रहते नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों तक पहुंचाने और एंबुलेंस सेवाओं को पूरी तरह सक्रिय रखने को कहा गया है।
बर्फबारी के चलते मार्ग अवरुद्ध होने की आशंका को देखते हुए संवेदनशील और उच्च हिमालयी क्षेत्रों में जेसीबी, स्नो कटर और अन्य आवश्यक मशीनरी की अग्रिम तैनाती के निर्देश दिए गए हैं, ताकि आपात स्थिति में सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर खोला जा सके। पाला प्रभावित क्षेत्रों में फिसलन और दुर्घटनाओं से बचाव के लिए नमक और चूने के छिड़काव के भी निर्देश दिए गए हैं।
ठंड से बचाव को लेकर सार्वजनिक स्थलों और जरूरतमंद क्षेत्रों में अलाव की व्यवस्था, रैनबसेरों में बिजली, पानी, बिस्तर, हीटर और गर्म पानी की सुविधा सुनिश्चित करने को कहा गया है। वहीं पशुधन की सुरक्षा के लिए पशुओं के लिए सुरक्षित आश्रय, चारा और पेयजल की व्यवस्था करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।
सचिव आपदा प्रबंधन ने स्पष्ट किया कि सभी जिलों में नियंत्रण कक्ष 24×7 सक्रिय रहेंगे और किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र को दी जाएगी। प्रशासन ने लोगों से भी अपील की है कि मौसम को देखते हुए सतर्क रहें और अनावश्यक यात्रा से बचें।


आज का राशिफल (11 फरवरी 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
आज का राशिफल (10 फरवरी 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!