बड़ी खबर (उत्तराखंड): यहां हवालात में पीआरडी जवान ने लगाई फांसी, 4 पुलिसकर्मी लाइन हाजिर; परिजनों का हंगामा
देहरादून। राजधानी देहरादून के रायपुर थाने से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां हवालात में बंद युवा कल्याण एवं पीआरडी विभाग के प्रधान सहायक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है, वहीं परिजनों ने पुलिस पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाते हुए अस्पताल में हंगामा किया।
जानकारी के अनुसार, सर्वे चौक स्थित पेट्रोल पंप पर शनिवार दोपहर करीब ढाई बजे सुनील रतूड़ी (45) तेल भरवाने पहुंचे थे, जहां पैसों को लेकर कर्मचारियों से उनकी कहासुनी हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें हिरासत में लेकर रायपुर थाने ले आई। पुलिस का दावा है कि एल्कोमीटर जांच में वे शराब के नशे में पाए गए थे।
बताया जा रहा है कि थाने में हंगामा करने पर उन्हें हवालात में बंद किया गया। शाम करीब साढ़े पांच बजे हवालात से आवाज आने पर पुलिसकर्मियों ने देखा कि सुनील ने कंबल को गेट में बांधकर फांसी लगा ली थी। उन्हें तत्काल कोरोनेशन अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही आईजी राजीव स्वरूप और एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच के आदेश दिए। एसएसपी ने पारदर्शी जांच सुनिश्चित करने के लिए थाना प्रभारी, एक महिला उपनिरीक्षक समेत चार पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया है।
वहीं, परिजनों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने समय पर उन्हें सूचना नहीं दी और मामले में गंभीर लापरवाही बरती गई है। इसको लेकर अस्पताल में काफी देर तक हंगामा चलता रहा। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में आत्महत्या की बात सामने आई है, लेकिन सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और पोस्टमार्टम डॉक्टरों के पैनल से कराया जाएगा। साथ ही पूरे मामले की मजिस्ट्रेटी जांच भी कराई जाएगी।


अल्मोड़ा में दर्दनाक हादसा: खाई में गिरी ट्रैक्टर-ट्रॉली, दो युवकों की मौके पर मौत, दो गंभीर घायल
आज का राशिफल (29 मार्च 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
लालकुआं सेंचुरी मिल में बवाल: मजदूरी आधी करने का आरोप, ठेकेदार पर उत्पीड़न और मजदूरों की गेट एंट्री बंद कराने के गंभीर आरोप
आज का राशिफल (28 मार्च 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!