अंकिता भंडारी केस में बड़ा मोड़: सीएम धामी से मिले माता-पिता, CBI जांच की मांग को लेकर कही यह बात

ख़बर शेयर करें 👉

देहरादून। अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर एक बार फिर बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। बुधवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से अंकिता के पिता वीरेंद्र भंडारी और माता सोनी देवी ने मुख्यमंत्री आवास पर मुलाकात की। इस दौरान दोनों भावुक हो गए और उन्होंने मुख्यमंत्री के सामने बेटी की हत्या से जुड़ा अपना दर्द और भावनाएं रखीं।

करीब एक घंटे तक चली इस मुलाकात में मुख्यमंत्री धामी ने पूरे संवेदनशीलता के साथ पीड़ित माता-पिता की बात सुनी और उन्हें भरोसा दिलाया कि सरकार उनकी हर मांग पर सकारात्मक कार्रवाई करेगी। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अंकिता को न्याय दिलाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और सरकार पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है।

मुख्यमंत्री ने माता-पिता को सांत्वना देते हुए कहा कि इस मामले में न्याय सुनिश्चित करने के लिए हरसंभव कदम उठाए जाएंगे। अंकिता के माता-पिता ने एक बार फिर बेटी की हत्या के मामले में सीबीआई जांच की मांग दोहराई। सूत्रों के अनुसार, हाल के दिनों में इस प्रकरण को लेकर बने माहौल से भी माता-पिता आहत हैं।

सरकारी सूत्रों की मानें तो राज्य सरकार इस मामले में सीबीआई जांच की संभावना से पूरी तरह पीछे नहीं हट रही है। अंकिता के माता-पिता की भावनाओं और मांगों के अनुरूप सरकार न्यायालय के फैसले और नई जांच की संभावनाओं को लेकर विधिक राय लेने के बाद आगे की कार्रवाई करेगी।

मुख्यमंत्री धामी पहले भी यह स्पष्ट कर चुके हैं कि अंकिता के माता-पिता जो चाहते हैं, सरकार उनके अनुरूप हर जांच कराने के लिए तैयार है। इस मुलाकात के बाद एक बार फिर अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर राजनीतिक और सामाजिक हलकों में हलचल तेज हो गई है।