उत्तराखंड SIR पर बड़ा अपडेट: 15 सितंबर को नहीं आएगी अंतिम वोटर लिस्ट, अब इस तारीख तक करना होगा इंतजार
देहरादून। उत्तराखंड में चल रही विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया को लेकर निर्वाचन आयोग ने बड़ा अपडेट जारी किया है। अब प्रदेश की अंतिम मतदाता सूची 15 सितंबर के बजाय 3 अक्टूबर 2026 को प्रकाशित की जाएगी। दावे और आपत्तियों के निस्तारण के लिए आयोग ने समयसीमा में 17 दिनों की बढ़ोतरी की है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने सोमवार को देहरादून में आयोजित प्रेस वार्ता में संशोधित कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दावे और आपत्तियों की सुनवाई की प्रक्रिया अब 28 सितंबर तक चलेगी। इसके बाद सभी मामलों के निस्तारण के बाद 3 अक्टूबर को अंतिम मतदाता सूची का औपचारिक प्रकाशन किया जाएगा।
24.30 लाख मामलों में 99.96 फीसदी सुनवाई पूरी
मुख्य निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, 14 जुलाई को जारी ड्राफ्ट मतदाता सूची में कुल 71,33,785 मतदाता शामिल थे। इनमें से करीब 24,30,387 अनमैप्ड एवं विसंगतिपूर्ण मामलों में नोटिस जारी किए गए थे।
अब तक इनमें से 24,29,524 मामलों की सुनवाई पूरी हो चुकी है, जबकि 863 मामलों में सुनवाई बाकी है। आयोग के अनुसार करीब 99.96 प्रतिशत मामलों में सुनवाई पूरी की जा चुकी है।
फॉर्म 6, 7 और 8 का निस्तारण बना चुनौती
SIR प्रक्रिया में आयोग के सामने अब फॉर्म 6, 7 और 8 से जुड़े दावों और आपत्तियों के निस्तारण की चुनौती है। 14 जुलाई से 13 अगस्त के बीच आयोग को कुल 3,19,309 आवेदन प्राप्त हुए।
इनमें फॉर्म 6 के 1,37,146, फॉर्म 7 के 1,30,382 और फॉर्म 8 के 51,781 आवेदन शामिल हैं।
आयोग के मुताबिक अब तक इनमें से 80,239 आवेदनों का निस्तारण किया जा चुका है, जबकि करीब 2.39 लाख आवेदन अभी प्रक्रिया में हैं। इस वजह से दावे और आपत्तियों के निस्तारण की समयसीमा को बढ़ाकर 28 सितंबर कर दिया गया है।
अब सभी दावों और आपत्तियों के निस्तारण के बाद 3 अक्टूबर को उत्तराखंड की अंतिम मतदाता सूची जारी की जाएगी।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


हल्द्वानी: कल पहुंचेंगे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति समेत कई बैठकों में करेंगे शिरकत
गौला नदी के कटाव से सैकड़ों एकड़ जमीन नदी में समाई, ग्रामीण दहशत में; सुरक्षा दीवार की मांग को लेकर मुख्यमंत्री के नाम प्रशासन को सौंपा ज्ञापन
आज का राशिफल (08 सितंबर 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!