ऋषिकेश से चारधाम यात्रा का शुभारंभ: सीएम धामी ने दिखाई हरी झंडी, अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी

ख़बर शेयर करें 👉

ऋषिकेश। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ट्रांजिट कैंप से चारधाम यात्रा का विधिवत शुभारंभ करते हुए यात्री बसों को हरी झंडी दिखाकर धामों के लिए रवाना किया। इस दौरान उन्होंने साफ कहा कि यात्रा को लेकर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पश्चिम एशिया के हालात को लेकर कुछ लोग भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहे हैं कि यात्रा प्रभावित होगी या भोजन जैसी सुविधाओं में दिक्कत आएगी, लेकिन सरकार ने सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि हर श्रद्धालु को यात्रा के दौरान भरपेट भोजन और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाना है। नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बदरीनाथ मास्टर प्लान का कार्य तेजी से चल रहा है, जबकि केदारनाथ धाम में भी विकास कार्य निरंतर जारी हैं।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि महिला आरक्षण विधेयक को रोककर विपक्ष ने मातृशक्ति के अधिकारों को दबाने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण का हक पहले ही मिल जाना चाहिए था और इस दिशा में सरकार का प्रयास लगातार जारी रहेगा।

कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल, परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा, विधायक प्रेमचंद अग्रवाल, बद्रीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, संयुक्त रोटेशन के अध्यक्ष भास्कर भारद्वाज,।संजय शास्त्री, मनोज ध्यानी, जितेंद्र नेगी आदि मौजूद रहे।