उत्तराखंड: पूर्व कैबिनेट मंत्री हीरा सिंह बिष्ट को सीएम धामी ने दी श्रद्धांजलि, आवास पहुंचकर परिजनों को बंधाया ढांढस
देहरादून, 26 जुलाई 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रविवार को डी.एल. रोड स्थित वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वर्गीय हीरा सिंह बिष्ट के आवास पहुंचे। मुख्यमंत्री ने उनके पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी और शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
मुख्यमंत्री ने स्व. हीरा सिंह बिष्ट के लंबे सार्वजनिक जीवन और प्रदेश के प्रति उनके योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने लंबे समय तक जनसेवा और उत्तराखंड के विकास के लिए कार्य किया। उनके निधन से प्रदेश के राजनीतिक और सामाजिक जीवन को अपूरणीय क्षति हुई है।
शनिवार देर रात हुआ था निधन
वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री हीरा सिंह बिष्ट का शनिवार देर रात निधन हो गया था। तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें देहरादून के ईसी रोड स्थित अस्पताल ले जाया गया था। उनके निधन की खबर सामने आते ही प्रदेश के राजनीतिक और सामाजिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई।
हीरा सिंह बिष्ट ने अविभाजित उत्तर प्रदेश से लेकर उत्तराखंड बनने के बाद तक राजनीति में लंबी पारी खेली। वह तीन बार विधायक रहे और उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री की जिम्मेदारी भी संभाली। जनहित के मुद्दों और संगठन में सक्रियता के कारण उनकी प्रदेश की राजनीति में अलग पहचान रही।
अंतिम दर्शन के लिए उमड़े लोग
उनके निधन के बाद विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और समर्थकों ने शोक व्यक्त किया। रविवार को भी बड़ी संख्या में लोग उनके अंतिम दर्शन के लिए आवास पहुंचे और उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


बिंदुखत्ता में कारगिल विजय दिवस पर दिखा देशभक्ति का जज्बा, पूर्व सैनिकों और NCC कैडेट्स ने शहीदों को किया नमन
हल्द्वानी में शौर्य दिवस पर कारगिल के वीरों को नमन, वीर नारियों और सैनिकों का हुआ सम्मान; देशभक्ति के रंग में रंगा समारोह