देहरादून: CM धामी ने ‘उत्तराखंड की मिट्टी से-नायक से जन नायक’ पंचांग कैलेंडर का किया विमोचन

ख़बर शेयर करें 👉

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री आवास में ‘उत्तराखंड की मिट्टी से-नायक से जन नायक पुष्कर सिंह धामी’ पंचांग टेबल कैलेंडर का विमोचन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रयास प्रदेशवासियों को अपनी संस्कृति, परंपराओं और मूल्यों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम बनते हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस पंचांग कैलेंडर में तिथि, वार, पक्ष, मास, पर्व एवं विशेष दिवसों की विस्तृत जानकारी के साथ पारंपरिक त्योहारों और व्रतों को भी समाहित किया गया है। उन्होंने कहा कि इससे लोगों को भारतीय परंपराओं की जानकारी सरल और व्यवस्थित रूप में मिल सकेगी।

इस कैलेंडर की संकल्पना मुख्यमंत्री के मीडिया समन्वयक मदन मोहन सती द्वारा की गई है। इसमें राज्य सरकार की योजनाओं, उपलब्धियों और जनकल्याणकारी नीतियों को भी स्थान दिया गया है, जिससे आमजन को सरकारी कार्यों की जानकारी भी मिल सके।

कार्यक्रम में मीडिया सलाहकार समिति के अध्यक्ष प्रो. गोविंद सिंह, दीप कोश्यारी और किशोर भट्ट सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास समाज को अपनी जड़ों से जोड़ने के साथ-साथ सकारात्मक संदेश भी देते हैं।