बागजाला में किसान महासभा की बैठक, सड़क निर्माण पूरा करने, डामरीकरण और पेयजल योजना चालू करने की मांग
बागजाला गांव में अखिल भारतीय किसान महासभा की बैठक धरना स्थल पर आयोजित की गई। बैठक में ग्रामीणों ने बागजाला में शुरू हुए सड़क निर्माण कार्य को जल्द पूरा करने, सड़क का डामरीकरण कराने, वादानुसार घरों के निर्माण की अनुमति देने और लंबे समय से अधूरी पड़ी पेयजल योजना को तत्काल चालू करने की मांग प्रमुखता से उठाई।
बैठक में रात के समय महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर चिंता जताई गई। ग्रामीणों ने अंधेरी सड़कों पर सोलर लाइट लगाए जाने की मांग करते हुए कहा कि स्ट्रीट लाइट न होने के कारण महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। साथ ही जंगली जानवरों का खतरा भी बना रहता है।
बैठक को संबोधित करते हुए भाकपा (माले) के नैनीताल जिला सचिव डॉ. कैलाश पाण्डेय ने कहा कि किसान महासभा के नेतृत्व में बागजाला वासियों ने ऐतिहासिक आंदोलन के माध्यम से प्रशासन को मांगें मानने के लिए मजबूर किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि सड़क निर्माण कार्य शुरू होने के बाद उसे रोक दिया गया है, जो वादाखिलाफी है। डॉ. पाण्डेय ने चेतावनी दी कि यदि शासन-प्रशासन ने जल्द कार्रवाई नहीं की तो किसान महासभा व्यापक आंदोलन करने को मजबूर होगी।
बागजाला किसान महासभा की अध्यक्ष डॉ. उर्मिला रैसवाल ने कहा कि गांव में स्ट्रीट लाइट के अभाव में रात के समय हालात बेहद खराब हैं। महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए गांव की सड़कों के किनारे सोलर लाइट लगाने का कार्य तत्काल शुरू किया जाना चाहिए।
बैठक में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और किसान महासभा के सदस्यों ने भाग लिया और अपनी समस्याएं रखीं। सभी ने एक स्वर में बागजाला की बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।
बैठक में डॉ. कैलाश पाण्डेय, डॉ. उर्मिला रैसवाल सहित बड़ी संख्या में किसान महासभा के पदाधिकारी, महिला कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


हल्द्वानी में किशोरी से दोस्ती, शादी का भरोसा और फिर दो साल तक दुष्कर्म का आरोप; मेरठ के युवक पर POCSO में केस
आज का राशिफल (05 सितंबर 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
सनसनीखेज खुलासा: देहरादून में बुजुर्ग महिला की हत्या, 12 घंटे के भीतर कातिल गिरफ्तार