उत्तराखंड में मौसम का ऑरेंज अलर्ट: अगले 24 घंटे भारी, इन जिलों में मूसलाधार बारिश, ओलावृष्टि और 60 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
देहरादून। उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। प्रदेश के कई हिस्सों में हो रही बारिश से जहां लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है, वहीं मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए बड़ा अलर्ट जारी किया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 12 जून को राज्य के कई जिलों में भारी बारिश, तेज आंधी, आकाशीय बिजली और ओलावृष्टि की चेतावनी देते हुए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण प्रदेश में मौसम लगातार खराब बना रहेगा। देहरादून, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार, नैनीताल, ऊधमसिंहनगर और चंपावत जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश के साथ तेज गर्जना होने की संभावना है। इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
विभाग ने चेतावनी दी है कि प्रभावित क्षेत्रों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही आकाशीय बिजली गिरने और अचानक मौसम खराब होने की आशंका भी बनी हुई है।
वहीं उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ समेत अन्य पर्वतीय जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग और राज्य आपदा प्रबंधन विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। खराब मौसम को देखते हुए प्रशासन ने लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने तथा बिजली कड़कने के दौरान खुले स्थानों पर न जाने की सलाह दी है।
प्रशासन ने पर्वतीय और उच्च हिमालयी क्षेत्रों में ट्रेकिंग गतिविधियों को लेकर भी विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 24 घंटों के दौरान कई क्षेत्रों में मौसम अचानक बदल सकता है, इसलिए नागरिकों और पर्यटकों को मौसम संबंधी अपडेट पर नजर बनाए रखनी चाहिए।
बारिश और तेज हवाओं के इस दौर को देखते हुए जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है।


आज का राशिफल (12 जून 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
पंतनगर यूनिवर्सिटी में मची अफरा–तफरी: मेस का खाना खाने के बाद 150 छात्र बीमार, अस्पताल में भर्ती
कैंची धाम मेला 2026: 13 से 16 जून तक रहेगा बड़ा ट्रैफिक बदलाव,….जानिए कौन-सा रूट रहेगा बंद और कहां मिलेगी शटल सेवा