भ्रष्टाचार के आरोप में पटवारी सस्पेंड, किसानों की शिकायत पर बड़ा फैसला
देहरादून। लाखामंडल क्षेत्र में अवैध वसूली और भ्रष्टाचार की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी देहरादून सविन बंसल ने सख्त कार्रवाई की है। आरोप सही पाए जाने पर राजस्व उप निरीक्षक (पटवारी) जयलाल शर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
निलंबन अवधि के दौरान पटवारी जयलाल शर्मा को तहसील कालसी स्थित रजिस्ट्रार कानूनगो कार्यालय से संबद्ध किया गया है। यह कार्रवाई लाखामंडल और चकराता क्षेत्र के ग्रामीणों द्वारा शपथ पत्र के साथ दी गई संयुक्त शिकायत के आधार पर की गई है।
शिकायतकर्ताओं ने जिलाधिकारी को पेनड्राइव के माध्यम से ऑडियो साक्ष्य भी सौंपे थे। शिकायत में आरोप लगाया गया कि संबंधित पटवारी द्वारा दाखिल-खारिज, विक्रय पत्र, दस्तावेज तैयार करने समेत अन्य राजस्व कार्यों के नाम पर किसानों, काश्तकारों और अनुसूचित जाति एवं जनजाति के गरीब लोगों से नकद और ऑनलाइन माध्यम से अवैध वसूली की जा रही थी।
जिलाधिकारी के निर्देश पर कराई गई प्रारंभिक जांच में आरोप गंभीर प्रकृति के पाए गए। इसके बाद निष्पक्ष और पारदर्शी जांच के उद्देश्य से उत्तराखंड राज्य कर्मचारी आचरण नियमावली-2002 के उल्लंघन के प्रथम दृष्टया आधार पर निलंबन की कार्रवाई की गई।
निलंबन अवधि के दौरान संबंधित कर्मचारी को नियमानुसार अर्द्ध औसत वेतन के बराबर जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा। साथ ही महंगाई भत्ता भी अनुमन्य रहेगा, बशर्ते वह इस अवधि में किसी अन्य सेवा या व्यवसाय में संलग्न न हो।
प्रकरण की विस्तृत जांच के लिए तहसीलदार विकासनगर को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। उन्हें एक माह के भीतर जांच पूरी कर रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी के अनुमोदन के बाद उप जिलाधिकारी मुख्यालय द्वारा निलंबन आदेश जारी किए गए।
जिलाधिकारी सविन बंसल ने साफ कहा कि जनपद में भ्रष्टाचार और अवैध वसूली के मामलों में जिला प्रशासन शून्य सहिष्णुता की नीति पर काम कर रहा है। दोषी पाए जाने वाले किसी भी अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


बिंदुखत्ता में राजस्व ग्राम की मांग ने पकड़ा जोर, पदयात्रा में आज भी उमड़ा जनसैलाब; हजारों लोग हुए शामिल
अल्मोड़ा में बारिश का कहर, मकान पर गिरा पहाड़ी से मलबा; तीन लोगों की मौत
आज का राशिफल (01 सितंबर 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!