पीएम मोदी का उत्तराखंड दौरा आज, डाट काली मंदिर में पूजा के बाद करेंगे दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का उद्घाटन

ख़बर शेयर करें 👉

देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज उत्तराखंड के दौरे पर रहेंगे, जिसे राज्य के विकास के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अपने कार्यक्रम के तहत प्रधानमंत्री सुबह करीब 11:15 बजे उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में दिल्ली-देहरादून आर्थिक गलियारे के एलिवेटेड सेक्शन पर बने वन्यजीव कॉरिडोर का निरीक्षण करेंगे।

प्रधानमंत्री इसके बाद देहरादून पहुंचकर जय मां डाट काली मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद दोपहर करीब 12:30 बजे वे एक सार्वजनिक कार्यक्रम में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करेंगे और जनसभा को संबोधित करेंगे।

दिल्ली-देहरादून आर्थिक गलियारा आधुनिक सुविधाओं से लैस एक हाईटेक प्रोजेक्ट है, जिसकी सबसे बड़ी खासियत राजाजी राष्ट्रीय उद्यान के बीच से गुजरने वाला करीब 12 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड वाइल्डलाइफ कॉरिडोर है। इसे एशिया का सबसे लंबा वाइल्डलाइफ कॉरिडोर माना जा रहा है, जिससे हाथी और बाघ जैसे वन्यजीव सुरक्षित रूप से नीचे से गुजर सकेंगे।

इसके अलावा डाट काली मंदिर के पास लगभग 340 मीटर लंबी सुरंग का निर्माण किया गया है, जिससे पहाड़ी घुमावदार रास्तों की जगह अब सीधा और आसान मार्ग मिल सकेगा। यह एक्सप्रेसवे 6 से 12 लेन का है और दिल्ली के अक्षरधाम मंदिर से शुरू होकर लोनी तक 12 लेन में विकसित किया गया है। इसकी डिजाइन स्पीड 100 किमी प्रति घंटा निर्धारित की गई है।

यह एक्सप्रेसवे दिल्ली से शुरू होकर उत्तर प्रदेश के बागपत, बड़ौत, शामली और सहारनपुर होते हुए देहरादून तक पहुंचेगा। इसके साथ 50.7 किलोमीटर लंबा हरिद्वार स्पर भी जोड़ा गया है, जिससे दिल्ली से हरिद्वार की दूरी महज करीब 2 घंटे में पूरी की जा सकेगी। इसके अलावा अंबाला को जोड़ने के लिए एक अतिरिक्त स्पर भी विकसित किया गया है।

दिल्ली-देहरादून आर्थिक गलियारा पर्यटन और व्यापारिक गतिविधियों को नई रफ्तार देने के साथ ही क्षेत्रीय आर्थिक विकास को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएगा। यह परियोजना उत्तराखंड और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बीच कनेक्टिविटी को बेहतर बनाकर विकास के नए अवसर खोलेगी।