उत्तराखंड दौरे को ऐतिहासिक बनाने की तैयारी: 14 अप्रैल को पीएम मोदी का भव्य स्वागत, सीएम धामी ने दिए निर्देश

ख़बर शेयर करें 👉

Lदेहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 14 अप्रैल को प्रस्तावित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तराखंड दौरे को ऐतिहासिक और जन-उत्सव के रूप में मनाने के निर्देश दिए हैं। इसको लेकर मुख्यमंत्री आवास में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कार्यक्रम को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के निर्देश दिए गए।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस दौरान दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर (दून-दिल्ली एक्सप्रेसवे) का उद्घाटन करेंगे। उनके स्वागत के लिए प्रदेशभर में विशेष तैयारियां की जा रही हैं, जिसमें शंखनाद और घंटानाद के साथ पारंपरिक तरीके से स्वागत किया जाएगा।

कार्यक्रम के तहत प्रधानमंत्री डाट काली मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे और इसके बाद गढ़ीकैंट तक रोड शो में भी शामिल होंगे। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि इस आयोजन में समाज के हर वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित की जाए, ताकि यह राज्य के लिए गौरवपूर्ण अवसर बने।

उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की झलक भी देखने को मिलेगी। गढ़वाली, कुमाऊनी और जौनसारी लोकनृत्य व संगीत प्रस्तुत किए जाएंगे और कार्यक्रम स्थल को पारंपरिक व आधुनिक साज-सज्जा के साथ आकर्षक रूप दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे इस ऐतिहासिक अवसर में बढ़-चढ़कर भाग लें और अपने घरों से तिरंगा लेकर रोड शो में शामिल होकर इसे जन-उत्सव का रूप दें। इसके साथ ही कार्यक्रम से पहले प्रदेशभर में स्वच्छता अभियान भी चलाया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर राज्य के विकास में मील का पत्थर साबित होगा। इससे दिल्ली और देहरादून के बीच यात्रा समय कम होगा, पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और उद्योग-व्यवसाय को नई गति मिलेगी। साथ ही युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
बैठक में राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।