उत्तराखंड में आज भी बारिश-ओलावृष्टि का अलर्ट; 60 KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं; 19 मार्च तक मौसम खराब

ख़बर शेयर करें 👉

उत्तराखंड में मौसम का मिजाज सोमवार को भी बदला हुआ रह सकता है। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार देहरादून और हरिद्वार समेत कई जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है, जिससे तापमान में और गिरावट आ सकती है।

मौसम निदेशक डॉ. सीएस तोमर के मुताबिक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के असर से राज्य के कई हिस्सों में मौसम खराब रहने की संभावना है। पहाड़ी जिलों चमोली, उत्तरकाशी और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं तेज बारिश होने का अनुमान है, जबकि मैदानी इलाकों में बादल छाने के साथ हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं।

मौसम विभाग ने कई क्षेत्रों में बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की भी चेतावनी दी है। हालांकि 17 मार्च से मौसम के कुछ हद तक सामान्य होने की संभावना जताई गई है। इसके बाद 18 मार्च को पहाड़ी जिलों में और 19 मार्च को पूरे राज्य में गर्जन के साथ बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है।

रविवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम ने अचानक करवट ली। गढ़वाल और कुमाऊं मंडल की ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फबारी हुई, जबकि कई जिलों में बारिश और ओलावृष्टि दर्ज की गई। हेमकुंड साहिब, बदरीनाथ, केदारनाथ, रुद्रनाथ और तुंगनाथ की ऊंची पहाड़ियों पर बर्फबारी हुई, जबकि निचले इलाकों में बारिश से ठंड बढ़ गई।

देहरादून, हरिद्वार, रुड़की और ऋषिकेश में सुबह के बाद शाम को भी बारिश हुई, जिससे मौसम सुहावना हो गया। मसूरी में बारिश के साथ ठंडी हवाएं चलीं, जिसके कारण पर्यटक और स्थानीय लोग गर्म कपड़ों में नजर आए।

कुमाऊं क्षेत्र में नैनीताल में तड़के तेज ओलावृष्टि के बाद हल्की बारिश हुई। कई सड़कों पर ओलों की परत जम गई। हल्द्वानी, रुद्रपुर, काशीपुर, सितारगंज, किच्छा और खटीमा में भी बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। वहीं पिथौरागढ़ और आसपास के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी देखने को मिली। बारिश के कारण मैदानी क्षेत्रों में बढ़ रही गर्मी से लोगों को राहत मिली, जबकि पहाड़ी इलाकों में ठंड का असर फिर बढ़ गया।