केदारनाथ दर्शन को जा रही उधमसिंह नगर की 27 वर्षीय युवती की दर्दनाक मौत, पहाड़ी से गिरे पत्थरों की चपेट में आई
रुद्रप्रयाग। केदारनाथ यात्रा मार्ग पर सोमवार को एक दर्दनाक हादसे में उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले की एक युवती की जान चली गई, जबकि दो अन्य श्रद्धालु घायल हो गए। चीरबासा क्षेत्र में अचानक पहाड़ी से पत्थर गिरने के कारण यह हादसा हुआ। घटना के बाद यात्रा मार्ग पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और राहत-बचाव टीमों को तुरंत मौके पर भेजा गया।
जानकारी के अनुसार सितारगंज निवासी 27 वर्षीय मीनाक्षी रौतेला, पुत्री शिवराज सिंह रौतेला, केदारनाथ धाम के दर्शन करने के बाद पैदल यात्रा मार्ग से वापस लौट रही थीं। इसी दौरान चीरबासा के पास अचानक पहाड़ी से बड़े-बड़े पत्थर गिरने लगे। मीनाक्षी समेत कई श्रद्धालु इसकी चपेट में आ गए।
हादसे में मीनाक्षी रौतेला गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोगों, पुलिस और राहत-बचाव टीम ने तत्काल उन्हें सुरक्षित निकालने का प्रयास किया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। वहीं दो अन्य श्रद्धालु भी घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। हादसे के बाद यात्रा मार्ग पर कुछ समय के लिए आवाजाही भी प्रभावित रही।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि घायलों का उपचार डॉक्टरों की निगरानी में किया जा रहा है और उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। उन्होंने बताया कि पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार बदलते मौसम और भूस्खलन की आशंका को देखते हुए यात्रियों से सतर्कता बरतने की अपील की गई है।
इस हादसे के बाद एक बार फिर केदारनाथ यात्रा मार्ग की सुरक्षा व्यवस्थाओं और संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता की आवश्यकता को लेकर सवाल उठने लगे हैं। वहीं मीनाक्षी रौतेला की मौत की खबर से सितारगंज क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।


लालकुआं में 45 जरूरतमंदों को मिली राहत, विधायक डॉ. मोहन बिष्ट ने वितरित किए मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष के चेक
आज का राशिफल (09 जून 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
रामनगर में दर्दनाक हादसा: कोसी नदी में नहाने गए दो दोस्तों की दर्दनाक मौत, परिवारों में मचा कोहराम