उत्तराखंड: गणतंत्र दिवस पर इन पुलिस अधिकारियों और कर्मियों को मिलेगा राष्ट्रपति पदक

ख़बर शेयर करें 👉

देहरादून। गणतंत्र दिवस-2026 के अवसर पर उत्तराखंड पुलिस के लिए गौरव का क्षण आया है। भारत के महामहिम राष्ट्रपति द्वारा उत्तराखंड पुलिस के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उनकी विशिष्ट, निष्ठावान और सराहनीय सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पदकों से सम्मानित किए जाने की घोषणा की गई है।

घोषणा के अनुसार, एक वरिष्ठ अधिकारी को राष्ट्रपति का विशिष्ट सेवा पदक (PSM) तथा पुलिस एवं फायर सर्विस के कुल सात अधिकारियों/कर्मचारियों को सराहनीय सेवा पदक (MSM) प्रदान किया जाएगा।
राष्ट्रपति का विशिष्ट सेवा पदक (PSM) पुलिस महानिरीक्षक कार्मिक/मुख्यालय उत्तराखंड श्री योगेन्द्र सिंह रावत को उनकी उत्कृष्ट और दीर्घकालीन सेवाओं के लिए प्रदान किया गया है।

वहीं सराहनीय सेवा पदक (MSM) के लिए पुलिस सेवा से श्री प्रबोध कुमार घिल्डियाल (उपाधीक्षक, रुद्रप्रयाग), श्री शिवराज सिंह (उपाधीक्षक, चम्पावत), श्रीमती ज्योति चौहान (निरीक्षक नागरिक पुलिस, सतर्कता अधिष्ठान, देहरादून), श्री सुभाष चन्द्र (निरीक्षक, अभिसूचना मुख्यालय) तथा श्री साजिद अली (अपर उप निरीक्षक, पुलिस मुख्यालय) का चयन किया गया है।

फायर सर्विस श्रेणी में जनपद देहरादून के श्री गिरीश चन्द्र लोहनी एवं श्री मुकेश कुमार पोखरियाल, दोनों लीडिंग फायरमैन, को उनके उत्कृष्ट एवं साहसिक कार्यों के लिए सराहनीय सेवा पदक से सम्मानित किया जाएगा।

इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक उत्तराखंड श्री दीपम सेठ ने सभी पदक विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान उनकी कर्तव्यनिष्ठा, समर्पण और सेवा भावना का प्रमाण है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह उपलब्धि अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी प्रेरित करेगी और उत्तराखंड पुलिस की कार्यसंस्कृति को और मजबूत बनाएगी।