उत्तराखंड में स्कूलों की टाइमिंग बदली: अब पूरे प्रदेश में एक समान शेड्यूल लागू, जानें पूरा टाइम टेबल

ख़बर शेयर करें 👉

देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने प्रदेश के सभी राजकीय और निजी स्कूलों के लिए नई समय-सारिणी लागू कर दी है। इस नई व्यवस्था के तहत अब पूरे राज्य में स्कूलों का संचालन एक समान समय के अनुसार किया जाएगा। सरकार का मानना है कि इससे छात्रों की दिनचर्या अधिक व्यवस्थित, संतुलित और स्वास्थ्य के अनुकूल बनेगी।

यह निर्णय निदेशक (अकादमिक, शोध एवं प्रशिक्षण) के प्रस्ताव पर विचार करने के बाद लिया गया है। शासन ने पूर्व में जारी आदेश में आंशिक संशोधन करते हुए नई टाइमिंग लागू की है, जिससे प्रदेशभर के स्कूलों में एकरूपता लाई जा सके।

नई समय-सारिणी के अनुसार ग्रीष्मकाल (1 अप्रैल से 30 सितंबर) में प्रार्थना सभा सुबह 7:45 बजे से 8:05 बजे तक आयोजित की जाएगी। इसके बाद पहली कक्षा 8:05 से 8:45, दूसरी 8:45 से 9:25, तीसरी 9:25 से 10:05 और चौथी कक्षा 10:05 से 10:45 तक चलेगी। इसके बाद 10:45 से 11:25 बजे तक मध्यान्तर रहेगा। मध्यान्तर के बाद पांचवीं कक्षा 11:25 से 12:05, छठी 12:05 से 12:45, सातवीं 12:45 से 1:25 और आठवीं कक्षा 1:25 से 2:05 बजे तक संचालित होगी।

वहीं शीतकाल (1 अक्टूबर से 31 मार्च) के लिए अलग समय निर्धारित किया गया है। इस दौरान प्रार्थना सभा सुबह 8:50 से 9:10 बजे तक होगी। इसके बाद पहली कक्षा 9:10 से 9:50, दूसरी 9:50 से 10:30, तीसरी 10:30 से 11:10 और चौथी कक्षा 11:10 से 11:50 बजे तक चलेगी। इसके बाद 11:50 से 12:30 बजे तक मध्यान्तर रखा गया है। मध्यान्तर के बाद पांचवीं कक्षा 12:30 से 1:10, छठी 1:10 से 1:50, सातवीं 1:50 से 2:30 और आठवीं कक्षा 2:30 से 3:10 बजे तक संचालित होगी।

सरकार द्वारा लागू की गई इस नई व्यवस्था की सबसे खास बात यह है कि अब पूरे प्रदेश में सभी स्कूल एक ही समय-सारिणी का पालन करेंगे। साथ ही मौसम के अनुसार समय निर्धारित किया गया है, जिससे बच्चों के स्वास्थ्य पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।
इसके अलावा पढ़ाई के बीच पर्याप्त ब्रेक की व्यवस्था की गई है, ताकि छात्रों पर अनावश्यक दबाव कम किया जा सके।