चमोली में दर्दनाक हादसा: 500 मीटर गहरी खाई में गिरी बोलेरो, 5 साल के मासूम समेत एक ही गांव के 4 लोगों की मौत

ख़बर शेयर करें 👉

चमोली। उत्तराखंड के चमोली जिले से एक हृदयविदारक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। देवाल-पेंस मोटर मार्ग पर यात्रियों से भरी एक बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में गिरकर कैल नदी के किनारे जा पहुंची। इस भीषण दुर्घटना में एक 5 वर्षीय मासूम सहित चार लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार हादसा देवाल क्षेत्र के कुंनार के पास हुआ। बताया जा रहा है कि वाहन में कुल आठ लोग सवार थे। अचानक चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और बोलेरो सड़क से नीचे गहरी खाई में लुढ़कती हुई कैल नदी के किनारे जा गिरी। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए।

यह भी पढ़ें 👉  आज का राशिफल (11 जून 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण, पुलिस, एसडीआरएफ और डीडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं। दुर्गम खाई और नदी किनारे घंटों तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद घायलों और शवों को बाहर निकाला गया।

इस हादसे में जानकी (25 वर्ष), अर्जुन सिंह (55 वर्ष), आलम सिंह (45 वर्ष) और 5 वर्षीय दीपू की मौत हो गई। वहीं उमा देवी (28 वर्ष), हर्षिका (1 वर्ष), खड़क सिंह (38 वर्ष) और चालक हरेंद्र सिंह (38 वर्ष) घायल हो गए हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

हादसे के बीच एक चमत्कारिक घटना भी सामने आई। वाहन के खाई में गिरने के दौरान एक महिला और एक साल की बच्ची वाहन से बाहर छिटक गईं, जिससे उनकी जान बच गई। हालांकि दोनों घायल हैं और उनका इलाज चल रहा है।

जिलाधिकारी चमोली गौरव कुमार ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि राहत एवं बचाव कार्य तत्काल शुरू कर दिया गया था। चारों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं और मामले की जांच की जा रही है।

बताया जा रहा है कि हादसे का शिकार हुए सभी लोग पेंस गांव के निवासी थे। एक ही गांव के चार लोगों की मौत की खबर से पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।