उत्तराखंड में दर्दनाक हादसा: 500 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, कार सवार चार लोगों की मौत

ख़बर शेयर करें 👉

उत्तराखंड के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मसूरी में बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने चार जिंदगियां छीन लीं। झड़ीपानी रोड स्थित कोल्हुखेत क्षेत्र में दिल्ली नंबर की एक मारुति सिलेरियो कार अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भयावह था कि कार सवार चारों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार सुबह करीब 9:16 बजे 112 कंट्रोल रूम को दुर्घटना की सूचना मिली। सूचना मिलते ही मसूरी पुलिस, एसडीआरएफ, फायर सर्विस और 108 एम्बुलेंस की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं। स्थानीय लोगों के सहयोग से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया।

खाई बेहद गहरी और दुर्गम होने के कारण रेस्क्यू टीमों को शवों तक पहुंचने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। घंटों की मेहनत के बाद चारों शवों को खाई से बाहर निकाला गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे से कुछ देर पहले कार सवारों ने पास की एक दुकान पर रुककर सामान खरीदा था। इसके बाद जैसे ही सभी लोग वाहन में बैठे, ढलान पर कार अचानक तेज रफ्तार से आगे बढ़ने लगी। चालक ने वाहन को नियंत्रित करने की कोशिश की, लेकिन कार सड़क किनारे खाली प्लॉट को पार करते हुए सीधे गहरी खाई में जा गिरी।

प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह ब्रेक फेल होना बताई जा रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान सत्यप्रकाश (सोनीपत, हरियाणा), मनीत (19 वर्ष), सविता (48 वर्ष) निवासी गाजियाबाद तथा संगीता (46 वर्ष) निवासी करोलबाग, दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस ने घटना की सूचना मृतकों के परिजनों को दे दी है।