ऊधम सिंह नगर: शहीद ऊधम सिंह को सीएम धामी ने दी श्रद्धांजलि, बोले- उनका बलिदान हर भारतीय के लिए प्रेरणास्रोत
गदरपुर (ऊधम सिंह नगर)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को गदरपुर स्थित कम्बोज धर्मशाला में शहीद शिरोमणि ऊधम सिंह के शहादत दिवस पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने अखंड पाठ में प्रतिभाग किया और गुरुद्वारे में मत्था टेककर प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
मुख्यमंत्री ने गुरु साहिब और शहीद ऊधम सिंह को नमन करते हुए कहा कि यह समागम वीरता और आध्यात्मिकता का अद्भुत संगम है। उन्होंने कहा कि जब भी देश अमर शहीद ऊधम सिंह के त्याग, साहस और राष्ट्रभक्ति को याद करता है, तो हर भारतीय का सीना गर्व से चौड़ा हो जाता है।
सीएम धामी ने कहा कि जलियांवाला बाग हत्याकांड भारतीय इतिहास का सबसे दुखद और काला अध्याय था। शहीद ऊधम सिंह ने उस अन्याय का प्रतिकार कर पूरी दुनिया के सामने भारत के स्वाभिमान, साहस और अदम्य संकल्प का परिचय दिया।
उन्होंने कहा कि शहीद ऊधम सिंह का जीवन साहस, स्वाभिमान, राष्ट्रभक्ति और बलिदान की अमिट प्रेरणा देता है। वहीं, श्री गुरु ग्रंथ साहिब की शिक्षाएं मानवता, करुणा, सत्य, भाईचारे और निस्वार्थ सेवा का संदेश देती हैं, जो पूरे राष्ट्र के लिए प्रेरणादायी हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड के विकास में सिख समाज का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि शहीद ऊधम सिंह के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।
इस अवसर पर प्रभारी मंत्री प्रदीप बत्रा, विधायक अरविंद पांडेय, शिव अरोरा, त्रिलोक सिंह चीमा, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, मनोज पाल, मेयर विकास शर्मा, दीपक बाली, दायित्वधारी अनिल कपूर डब्बू सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


हल्द्वानी: यहां सड़क किनारे मिला 41 वर्षीय युवक का शव, इलाके में सनसनी; पुलिस की जांच पड़ताल जारी
हल्द्वानी: नाबालिग से दुष्कर्म का सनसनीखेज खुलासा, पुलिस ने 48 घंटे में दो आरोपियों को दबोचा
आज का राशिफल (31 जुलाई 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
हल्द्वानी: डीएम ने की बड़ी कार्रवाई, राजस्व उपनिरीक्षक निलंबित, राजस्व निरीक्षक पर विभागीय जांच के आदेश