उत्तराखंड: यहां 80 हजार की रिश्वत लेते ऊर्जा निगम का JE गिरफ्तार, सतर्कता टीम की बड़ी कार्रवाई
देहरादून। भ्रष्टाचार के खिलाफ सतर्कता टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ऊर्जा निगम के एक अवर अभियंता (JE) को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के बाद विभाग और जिले में हड़कंप मच गया है।
गिरफ्तार अभियंता की पहचान अतुल कुमार के रूप में हुई है, जो 33/11 केवी बिजली घर पथरी बाग में तैनात थे। जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने सतर्कता विभाग को बताया था कि उसकी पत्नी के नाम पर खरीदे गए अपार्टमेंट में बिजली कनेक्शन और विद्युत भार बढ़ाने के लिए आरोपी अभियंता 80 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा था।
शिकायत की पुष्टि होने के बाद सतर्कता टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। मंगलवार को तय योजना के तहत कार्रवाई करते हुए टीम ने अतुल कुमार को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
सतर्कता अधिष्ठान के अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस मामले में अन्य कर्मचारी या अधिकारी भी शामिल हैं या नहीं।
इस कार्रवाई के बाद ऊर्जा निगम में हड़कंप का माहौल है। विभागीय अधिकारी और कर्मचारी सतर्कता टीम के साथ मिलकर मामले की जांच में जुटे हैं।
सतर्कता विभाग ने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है, तो टोल फ्री नंबर 1064 पर शिकायत करें। विभाग का कहना है कि भ्रष्टाचार किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


हल्द्वानी: यहां सड़क किनारे खड़े युवक को तेज रफ्तार डंपर ने कुचला, अस्पताल में मौत
आज का राशिफल (18 मार्च 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
नैनीताल: भवाली-रातिघाट बाईपास जून से पहले होगा चालू, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने दिए सख्त निर्देश; कैंचीधाम जाम से मिलेगी राहत