उत्तराखंड को मिली नई ट्रेन की सौगात: रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस का शुभारंभ, जानें टाइमिंग और पूरा रूट
रामनगर। उत्तराखंड के कुमाऊं और गढ़वाल मंडल के बीच रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में नई सौगात मिली है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रामनगर और देहरादून के बीच चलने वाली पहली एक्सप्रेस ट्रेन बताई जा रही है, जिसकी लंबे समय से मांग की जा रही थी।
नई ट्रेन रामनगर से चलकर काशीपुर, रोशनपुर, पीपलसाना, मुरादाबाद, नजीबाबाद और हरिद्वार होते हुए देहरादून पहुंचेगी। उत्तर प्रदेश के कुछ क्षेत्रों से गुजरने के कारण इस ट्रेन से उत्तराखंड के साथ यूपी के यात्रियों को भी बेहतर रेल कनेक्टिविटी का लाभ मिलने की उम्मीद है।
रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस के संचालन से पर्यटन और तीर्थाटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। विशेष रूप से रामनगर, नैनीताल, हरिद्वार और देहरादून आने-जाने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं के लिए यह ट्रेन सुविधाजनक साबित हो सकती है। रामनगर को जिम कॉर्बेट क्षेत्र का प्रमुख प्रवेश द्वार माना जाता है, ऐसे में नई रेल सेवा से पर्यटन कारोबार को भी फायदा मिलने की उम्मीद है।
ट्रेन संख्या 15310 रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस प्रत्येक बुधवार और शुक्रवार को सुबह 5:50 बजे रामनगर से रवाना होकर दोपहर 12:40 बजे देहरादून पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 15309 देहरादून-रामनगर एक्सप्रेस बुधवार और शुक्रवार को दोपहर 3:55 बजे देहरादून से रवाना होकर रात 11:30 बजे रामनगर पहुंचेगी।
ट्रेन में यात्रियों की सुविधा के लिए नॉन-एसी सिटिंग, स्लीपर क्लास, एसी चेयर कार, थर्ड एसी और सेकेंड एसी श्रेणी के कोच उपलब्ध होने की जानकारी दी गई है। नई रेल सेवा शुरू होने से कुमाऊं और गढ़वाल के बीच यात्रा करने वाले लोगों को एक और विकल्प मिलने के साथ दोनों क्षेत्रों के बीच संपर्क मजबूत होने की उम्मीद है।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


हल्द्वानी में अवैध अतिक्रमण पर चला प्रशासन का बुलडोजर: नालों पर बने 20 से अधिक पक्के निर्माण किए ध्वस्त
सावधान! हल्द्वानी में रॉन्ग साइड चलाया वाहन तो होगा सीज, लाइसेंस भी होगा सस्पेंड; DM ने दिए सख्त निर्देश