उत्तराखंड: यहां विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई; 15 हजार की रिश्वत लेते लेखाकार रंगे हाथ गिरफ्तार

ख़बर शेयर करें 👉

हल्द्वानी। विजिलेंस टीम को एक बार फिर बड़ी सफलता मिली है। अल्मोड़ा जनपद के लमगड़ा ब्लॉक कार्यालय में तैनात लेखाकार हर सिंह बिष्ट उर्फ हरीश सिंह बिष्ट को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है।

जानकारी के अनुसार, आरोपी लेखाकार शिकायतकर्ता से शौचालय निर्माण कार्य के लिए स्वीकृत 3 लाख रुपये के टेंडर की एफडीआर रिलीज करने के एवज में रिश्वत की मांग कर रहा था। शिकायतकर्ता रिश्वत नहीं देना चाहता था, जिसके बाद उसने सतर्कता अधिष्ठान के टोल फ्री नंबर 1064 पर शिकायत दर्ज कराई।

जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने के बाद सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर नैनीताल-हल्द्वानी में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर ट्रैप टीम का गठन किया गया।

विजिलेंस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए 8 अप्रैल 2026 को आरोपी को ब्लॉक कार्यालय लमगड़ा से शिकायतकर्ता से 15 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।

इस कार्रवाई के बाद सतर्कता निदेशक डॉ. वी. मुरूगेशन ने ट्रैप टीम को नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है। साथ ही उन्होंने आम जनता से अपील की है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई में सहयोग करते हुए टोल फ्री हेल्पलाइन 1064 और व्हाट्सएप नंबर 9456592300 पर शिकायत दर्ज कराएं।