उत्तराखंड में भारी बारिश की चेतावनी; कल नैनीताल समेत 8 जिलों के स्कूलों में छुट्टी का आदेश जारी
उत्तराखंड में मानसून का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार मुसलाधार बारिश हो रही है, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। इसी बीच मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने 5 अगस्त के लिए भारी से अति भारी वर्षा का रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग की चेतावनी को गंभीरता से लेते हुए प्रदेश के आठ जिलों—देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल, उधमसिंह नगर, पौड़ी, टिहरी, बागेश्वर और चंपावत में स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन की छुट्टी घोषित की गई है।
प्रशासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार, 5 अगस्त को इन जिलों के सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय, सरकारी सहायता प्राप्त और निजी विद्यालयों (कक्षा 1 से 12 तक) एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश रहेगा। यह फैसला छात्रों और स्टाफ की सुरक्षा को देखते हुए लिया गया है।
हालांकि, जिलाधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि उत्तराखंड बोर्ड की अंक सुधार परीक्षाएं आयोजित करने वाले स्कूलों को खुला रखा जाएगा और परीक्षाएं निर्धारित समय के अनुसार ही होंगी।
प्रशासन ने स्कूल प्रबंधन को आदेशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने को कहा है। उल्लंघन की स्थिति में आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 के तहत कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। मुख्य शिक्षा अधिकारियों और जिला कार्यक्रम अधिकारियों को आदेशों की निगरानी का जिम्मा सौंपा गया है।
गौरतलब है कि राज्य के कई इलाकों में हाल ही में भूस्खलन, जलभराव और सड़कें बंद होने की घटनाएं सामने आई हैं। ऐसे में प्रशासन ने एहतियात के तौर पर यह कदम उठाया है ताकि किसी भी प्रकार की अनहोनी से बचा जा सके।



आज का राशिफल (08 फरवरी 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
खौड़ में ग्रामोत्थान शिविर: मंत्री जोराराम कुमावत बोले— गांव के विकास में धन की कमी नहीं आने दूंगा
करोड़ों के फर्जीवाड़े में सख्ती: चर्चित ठेकेदार धनंजय गिरी पर शिकंजा, लापरवाही पर चौकी प्रभारी निलंबित