उत्तराखंड में मौसम का अलर्ट: अगले 5 दिन आफत बनकर बरसेंगे बादल, भारी बारिश-ओलावृष्टि के साथ चलेंगी तेज हवाएं

ख़बर शेयर करें 👉

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों के लिए अगले पांच दिनों तक भारी बारिश, ओलावृष्टि, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की है। 10 जून से 14 जून तक प्रदेश के पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों में मौसम खराब रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग के अनुसार 10 जून को देहरादून, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार, नैनीताल, पिथौरागढ़, उधम सिंह नगर और चम्पावत जिलों में कहीं-कहीं तीव्र से अति तीव्र बारिश के दौर देखने को मिल सकते हैं। इसके साथ ही ओलावृष्टि और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।

11 जून को भी प्रदेश के अधिकांश जिलों में मौसम सक्रिय रहेगा। कई इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश और झोंकेदार हवाओं का असर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने आकाशीय बिजली गिरने की आशंका भी जताई है।

12 जून को एक बार फिर देहरादून, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार, नैनीताल, उधम सिंह नगर और चम्पावत जिलों में भारी बारिश और ओलावृष्टि का खतरा बना रहेगा। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

13 और 14 जून को मुख्य रूप से पर्वतीय जिलों में मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान है। इन क्षेत्रों में गर्जन, बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और मार्ग बाधित होने का खतरा भी बढ़ सकता है।

मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है। खुले स्थानों, नदी-नालों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने के साथ ही पहाड़ी मार्गों पर यात्रा करते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है। प्रशासन को भी संभावित आपात स्थितियों से निपटने के लिए अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए गए हैं।