(बड़ी खबर) देहरादून: अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती पर सीएम धामी ने किया नमन, बोले– सनातन संस्कृति के पुनर्जागरण के अमृतकाल में है भारत

ख़बर शेयर करें 👉

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जन्म जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि अहिल्याबाई होल्कर त्याग, सेवा और समर्पण की प्रतिमूर्ति थीं। उन्होंने करुणा, सेवा और धर्मनिष्ठा के बलबूते भारतीय इतिहास में एक अद्वितीय स्थान प्राप्त किया।


मुख्यमंत्री ने कहा कि अहिल्याबाई ने शासन को सिर्फ सत्ता का माध्यम नहीं, बल्कि जनसेवा, न्याय और धर्म की पुनर्स्थापना का साधन बनाया। उन्होंने काशी विश्वनाथ, सोमनाथ, द्वारका, रामेश्वरम्, अयोध्या, मथुरा और देवभूमि उत्तराखंड के बद्रीनाथ, केदारनाथ, हरिद्वार जैसे पवित्र स्थलों पर मंदिरों और घाटों के जीर्णोद्धार में अमूल्य योगदान दिया। साथ ही कई धर्मशालाएं, सड़कें और तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए रास्ते बनवाए।
सीएम धामी ने कहा कि अहिल्याबाई होल्कर ने धर्मस्थलों के पुनर्निर्माण से भारत की सांस्कृतिक आत्मा को पुनर्जीवित करने का कार्य किया। उन्होंने भारत की सनातन संस्कृति को एक सूत्र में पिरोने का कार्य किया और नारी सशक्तिकरण की उस युग में ऐसी मिसाल पेश की, जिसकी कल्पना कर पाना भी कठिन था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज भारत अपनी सांस्कृतिक चेतना के पुनर्जागरण के अमृतकाल में प्रवेश कर चुका है। वर्षों तक उपेक्षित रहे हमारे गौरवशाली इतिहास, राष्ट्रनायकों और सांस्कृतिक विरासत को पुनर्स्थापित किया जा रहा है और उन्हें राष्ट्रीय चेतना का आधार बनाया जा रहा है। अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण, केदारनाथ धाम का पुनर्निर्माण और बद्रीनाथ मास्टर प्लान इसके प्रत्यक्ष प्रमाण हैं।

सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में भी अनेक ऐतिहासिक कार्य किए गए हैं। महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान, उज्ज्वला योजना और लखपति दीदी जैसी योजनाओं ने समाज में बड़ा बदलाव लाया है। राज्य सरकार ने भी महिलाओं के लिए ‘मुख्यमंत्री नारी सशक्तिकरण योजना’, ‘मुख्यमंत्री महालक्ष्मी योजना’, ‘मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना’, ‘मुख्यमंत्री आंचल अमृत योजना’ और पोषण अभियान जैसी अनेक योजनाएं शुरू की हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण के लिए केदारखंड और मानसखंड मंदिर क्षेत्रों में काम हो रहा है। हरिपुर कालसी में यमुनातीर्थ स्थल के पुनरुद्धार, हरिद्वार-ऋषिकेश कॉरिडोर और शारदा कॉरिडोर निर्माण की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।
सीएम ने कहा कि प्रदेश में एक सख्त भू-कानून लागू किया गया है, जिससे राज्य की जमीन और पहचान से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित होगी। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड देश का पहला राज्य है जहां समान नागरिक संहिता (UCC) लागू की गई है। इसके अलावा नकल पर लगाम लगाने के लिए राज्य में सबसे प्रभावी नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। इस कानून के प्रभाव से बीते तीन सालों में प्रदेश में करीब 23 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं।

इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद महेन्द्र भट्ट, संगठन महामंत्री अजेय कुमार, भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय महामंत्री दीप्ति रावत भारद्वाज सहित कई जनप्रतिनिधि और पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।