बड़ी खबर (देहरादून): कानून व्यवस्था पर सख्त मुख्य सचिव; रोड रेज और हुड़दंगियों पर कार्रवाई के निर्देश

ख़बर शेयर करें 👉

देहरादून, 31 मार्च 2026। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने मंगलवार को सचिवालय में गृह और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ शहर की कानून-व्यवस्था को लेकर अहम बैठक की। हाल के दिनों में बढ़ती रोड रेज और हुड़दंग की घटनाओं पर उन्होंने गहरी नाराजगी जताते हुए सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने साफ कहा कि शहर और आसपास के क्षेत्रों में पीक ऑवर, सुबह और रात के समय पुलिस गश्त को और अधिक प्रभावी बनाया जाए। एसएसपी को निर्देश दिए गए कि सभी थाना प्रभारीयों को सक्रिय रखते हुए डे-नाइट के साथ मॉर्निंग पेट्रोलिंग भी बढ़ाई जाए, ताकि किसी भी तरह की अराजकता पर तुरंत नियंत्रण किया जा सके।

बैठक में विकेंड पर बढ़ती अव्यवस्था को लेकर भी चिंता जताई गई। मुख्य सचिव ने कहा कि देहरादून को किसी भी हाल में पार्टी और हुड़दंग का अड्डा नहीं बनने दिया जाएगा। इसके लिए पुलिस के साथ-साथ बार और रेस्टोरेंट संचालकों की जवाबदेही भी तय की जाएगी है।

उन्होंने बार और रेस्टोरेंट के निर्धारित बंद करने का समय सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए हैं। नियमों का उल्लंघन करने वाले संचालकों और अवैध रूप से चल रहे बारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं। साथ ही, लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर भी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

मुख्य सचिव ने होम स्टे की निगरानी पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी होम स्टे की मैपिंग कर नियमित जांच की जाए, ताकि पर्यटन के नाम पर किसी भी तरह का दुरुपयोग न हो सके।

दिल्ली-देहरादून हाईवे खुलने के बाद वीकेंड पर बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस-प्रशासन को पहले से तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा, किरायेदारों और पीजी में रहने वाले लोगों का सघन सत्यापन अभियान चलाने को भी कहा गया है, जिससे असामाजिक तत्वों पर नजर रखी जा सके।

बैठक में डीजीपी दीपम सेठ, सचिव गृह शैलेश बगौली, आयुक्त गढ़वाल विनय शंकर पाण्डेय, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, जिलाधिकारी सविन बंसल और एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोभाल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।