उत्तराखंड: डॉ. ढाल सिंह बिसेन प्रदेश के नए राज्यपाल नियुक्त, CM धामी ने दी बधाई
देहरादून। उत्तराखंड के नए राज्यपाल के रूप में मध्य प्रदेश के वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व सांसद डॉ. ढाल सिंह बिसेन को नियुक्त किया गया है। किसान परिवार से ताल्लुक रखने वाले डॉ. बिसेन आयुर्वेद एवं होम्योपैथी चिकित्सा के क्षेत्र से राजनीति में आए और मध्य प्रदेश में विधायक, कैबिनेट मंत्री तथा सांसद के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। वह जल्द ही राज्यपाल का कार्यभार संभालेंगे।
मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में हुआ जन्म
डॉ. ढाल सिंह बिसेन का जन्म 14 मई 1952 को मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के पिपरिया गांव में हुआ था। पेशे से आयुर्वेद एवं होम्योपैथी के चिकित्सक रहे डॉ. बिसेन ने राजनीति में लंबा सफर तय किया। वर्ष 1990 में पहली बार विधायक चुने जाने के बाद उन्होंने 1993, 1998 और 2003 के विधानसभा चुनावों में भी जीत दर्ज की।
मध्य प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री और वित्त आयोग के अध्यक्ष रहे
डॉ. बिसेन ने वर्ष 2003 से 2005 तक मध्य प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में कार्य किया। इसके बाद वर्ष 2011 से 2013 तक उन्होंने मध्य प्रदेश राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाली। वर्ष 2019 में उन्होंने बालाघाट लोकसभा सीट से चुनाव जीतकर संसद में प्रवेश किया। वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने उनकी जगह नए उम्मीदवार को मैदान में उतारा था।
CM धामी ने दी बधाई, विकास को नई दिशा मिलने की जताई उम्मीद
डॉ. ढाल सिंह बिसेन की उत्तराखंड के राज्यपाल पद पर नियुक्ति पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उन्हें बधाई दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. बिसेन का दीर्घ राजनीतिक अनुभव, जनसेवा के प्रति समर्पण और सार्वजनिक जीवन में योगदान प्रेरणादायी है।
सीएम धामी ने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार में पूर्व कैबिनेट मंत्री, पूर्व सांसद और भाजपा के वरिष्ठ नेता के रूप में डॉ. बिसेन ने जनहित और समाजसेवा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने विश्वास जताया कि डॉ. बिसेन के अनुभव और मार्गदर्शन से उत्तराखंड के विकास को नई दिशा मिलेगी तथा राज्य की विकास यात्रा को गति प्राप्त होगी।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


बिंदुखत्ता में 11वें दिन भी आंदोलन जारी: राजस्व गांव, गौला नदी पर स्थायी तटबंध समेत 10 मांगों पर सरकार से जवाब का इंतजार!
ग्राफिक एरा हल्द्वानी में ‘थिंक बियॉन्ड होटल्स’ विषय पर अतिथि व्याख्यान का आयोजन, छात्रों को मिले सरकारी और स्वरोजगार के टिप्स