मुख्यमंत्री ने 36 नवनियुक्त नायब तहसीलदारों को सौंपे नियुक्ति पत्र, 13 बेटियों को भी मिली सरकारी सेवा में जगह
धामी ने अधिकारियों को दिया जनसेवा का मंत्र, बोले- ईमानदारी और निष्पक्षता से करें जनता की समस्याओं का समाधान
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में 36 नवनियुक्त नायब तहसीलदारों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इस दौरान उन्होंने सभी चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। चयनित 36 अभ्यर्थियों में 13 बेटियों के शामिल होने पर मुख्यमंत्री ने खुशी जताई और कहा कि उनकी सफलता प्रदेश की अन्य बेटियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी सेवा में नियुक्ति केवल एक पद प्राप्त करना नहीं, बल्कि जनसेवा की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। नवनियुक्त अधिकारी ईमानदारी, निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उनके कार्यों से आमजन को समय पर राहत मिलनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि नायब तहसीलदार राजस्व प्रशासन की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनके कार्यों का सीधा संबंध लोगों की भूमि, आजीविका और अधिकारों से जुड़ा होता है। इसलिए नामांतरण, पैमाइश, सीमांकन और राजस्व अभिलेखों से संबंधित मामलों का निस्तारण पूरी सावधानी और समयबद्धता के साथ किया जाना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि तहसील में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की समस्या धैर्यपूर्वक सुनें और उसे आवश्यक प्रक्रिया एवं दस्तावेजों की स्पष्ट जानकारी दें, ताकि आम लोगों को अपने छोटे-छोटे कार्यों के लिए बार-बार तहसीलों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाले बुजुर्गों और दिव्यांगजनों की समस्याओं के समाधान पर विशेष ध्यान देने को कहा।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए आपदा के दौरान राजस्व अधिकारियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण हो जाती है। ऐसे समय में नुकसान का सही और समयबद्ध आकलन कर प्रभावित परिवारों तक जल्द राहत पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश सरकार की भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति का उल्लेख करते हुए कहा कि अधिकारी किसी दबाव, सिफारिश या प्रलोभन में आए बिना नियमों और तथ्यों के आधार पर निर्णय लें। बिना सिफारिश के आने वाले व्यक्ति के जायज काम को भी पूरी तत्परता से करना ही निष्पक्ष प्रशासन की पहचान है।
उन्होंने प्रदेश सरकार के मूल मंत्र ‘सरलीकरण, समाधान, निस्तारण और संतुष्टिकरण’ को अपनी कार्यशैली में शामिल करने की अपील की। मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले पांच वर्षों में प्रदेश के 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नियुक्ति के पीछे किसी युवा की वर्षों की मेहनत और उसके परिवार की उम्मीदें जुड़ी होती हैं।
इस अवसर पर मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने भी नवनियुक्त नायब तहसीलदारों को बधाई देते हुए कहा कि सरकारी सेवा जनसेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। अधिकारियों को विशेष रूप से उन लोगों की समस्याओं के समाधान पर ध्यान देना चाहिए, जिनकी पहुंच केवल तहसील स्तर तक ही है।
कार्यक्रम में सचिव राजस्व एसएन पाण्डेय, सचिव एवं आयुक्त राजस्व परिषद रंजना राजगुरु सहित राजस्व विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


आज का राशिफल (25 नवंबर 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
लालकुआं में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 330 नशीले इंजेक्शनों के साथ युवक गिरफ्तार
हल्द्वानी: ऊंचापुल चौराहे पर जाम के खिलाफ फूटा लोगों का गुस्सा, प्रशासन के खिलाफ धरने पर बैठे क्षेत्रवासी
आज का राशिफल (24 नवंबर 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!